इंडी गठबंधन वालों को एक-एक वोट के लिए तरसाना है : योगी आदित्यनाथ

अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, 19 अप्रैल। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अमरोहा, बुलंदशहर और बागपत लोकसभा सीटों पर प्रचार अभियान में शामिल हुए। अमरोहा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी चौधरी कंवर सिंह तंवर के पक्ष में सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ मिलकर विशाल रैली को संबोधित किया, वहीं बुलंदशहर में बीजेपी उम्मीदवार डॉ भोला सिंह और बागपत सीट के लिए एनडीए के घटक राष्ट्रीय लोकदल के प्रत्याशी डॉ राजकुमार सांगवान के पक्ष में उन्होंने जनसभाएं करते हुए वोट की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रथम चरण के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान को देखकर ये तय हो जाता है कि देश की जनता एक बार फिर मोदी सरकार को चुनने के लिए उतावली है। उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस को पश्चिमी यूपी के लिए खतरा बताया। मुख्यमंत्री ने इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कहा कि जिन लोगों ने देश की आस्था और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया ओर विकास से वंचित रखा उन लोगों को एक एक वोट के लिए तरसाना है। सीएम योगी ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह के सपनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं।

नरेंद्र मोदी नए भारत के शिल्पी

अमरोहा में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में वर्ष 1947 में विभाजन के दौरान पाकिस्तान का भूभाग ज्यादा था जबकि वहां आबादी कम थी। वहीं आज पाकिस्तान की आबादी करीब 23 से 24 करोड़ है, फिर भी वहां खाने के लाले पड़े हैं। जबकि आज भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 80 करोड़ लोगों को पिछले 4 वर्षों से फ्री राशन की सुविधा दी जा रही है। यह बदलते और नए भारत की तस्वीर को दर्शाता है। अब हमें विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और ग्लोबल लीडर के रूप में आगे बढ़ने के लिए लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी सुनिश्चित करनी है, ताकि तीसरी बार फिर मोदी सरकार को देश का नेतृत्व सौंपकर अपना कर्तव्य निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के शिल्पी के रूप में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

जो भारत के बारे में सोचेगा उसी को वोट करेंगे

बुलंदशहर लोकसभा सीट के लिए गजरौला में चुनाव प्रचार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने देश की अस्मिता को बचाने के लिए कई नारे दिये, जिसका कांग्रेस मजाक उड़ाया करती थी। वहीं सपा और बसपा उनका सपोर्ट करती थी। कांग्रेस, बसपा और सपा देश की तमाम समस्याओं की जड़ है, जबकि भारतीय जनता पार्टी इन समस्याओं का समाधान है। कांग्रेस ने देश को धारा 370 दिया, जबकि बीजेपी ने इसे समाप्त करके आतंकवाद की ताबूत पर अंतिम कील ठोकने का काम किया है। अब यहां विस्टोफ और आतंकवादी गतिविधियां नहीं होती हैं क्योंकि वह जानते हैं कि उनके साथ उनके आका को भी ठीक कर दिया जाएगा। ऐसे में इस बार आस्था और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों, विकास से वंचित रखने वालों, युवा पीढ़ी और अन्नदाता किसानों के साथ अन्याय करने वालों और बेटी- व्यापारी को डराने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसा दीजिये। उन्हे बोल दीजिये कि जो देश, विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के बारे में सोचेगा उसी को वोट करेंगे।

मोदी सरकार लाने के लिए लोगों में उतावलापन

गाजियाबाद के मोदीनगर में बागपत लोकसभा सीट के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अन्नदाता किसानों का सम्मान और उत्थान करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी के सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अन्नदाताओं के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की, जिसका परिणाम हम सबके सामने है। चाहे पीएम किसान सम्मान निधि के जरिए अन्नदाताओं का सम्मान हो, या भारत को दुनिया में सम्मान दिलाने का कार्य, सीमाओं की सुरक्षा हो, देश में आतंकवाद और नक्सलवाद की समस्या का समाधान हो, वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर, 12 लेन का एक्सप्रेसवे, रैपिड रेल, मेट्रो, आईआईटी, आईआईएम सहित तमाम योजनाएं नये भारत की पहचान बन रही हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए मतदान चल रहा है। वोटिंग की स्पीड बताती है कि देश में फिर एक बार मोदी सरकार लाने के लिए लोगों में उतावलापन दिख रहा है। ऐसा होना लाजमी है क्योंकि जो हमारे पूर्वजों को सम्मान दें उनका सम्मान होना ही चाहिए। पहली बार चौधरी साहब को मोदी जी ने भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देकर हमारे यूपी का गौरव बढ़ाया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com