केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक कार्यक्रम के दौरान विपक्षी पार्टियों की वंशवादी राजनीति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा की पहले देश में प्रधानमंत्री को प्रधानमंत्री जन्म देते थे, लेकिन भाजपा ने इसे बदल दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि हमारा देश गरीब जनसंख्या वाला समृद्ध राष्ट्र है, क्योंकि जिन्होंने देश पर पहले राज किया उन्होंने सिर्फ अपने परिवारों को लाभ दिया।
नितिन गडकरी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ‘भाजपा किसी एक परिवार की पार्टी नहीं है। यह वह पार्टी नहीं है जो जाति, धर्म और भाषा के आधार पर राजनीति नहीं करती है। अटल बिहारी वाजपेयी हमारे बड़े नेता थे, लेकिन भाजपा कभी उनके या लालकृष्ण आडवाणी के नाम से नहीं पहचानी गई। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हैं। नेतृत्व बदलता रहता है, लेकिन पार्टी कभी किसी व्यक्ति विशेष के नाम पर नहीं चलती है। यह पार्टी विचार और सिद्धातों के आधार पर काम करती है।’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने विपक्षी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हम गरीब जनसंख्या के साथ समृद्ध राष्ट्र हैं। जिन्होंने राज किया उन्होंने अपने परिवारों को फायदा पहुंचाया। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री को जन्म दिया, मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री को जन्म दिया और इसी तरह से चीजें आगे चलती रहीं। लोकतंत्र खत्म होने के कगार पर था। हमने इसे बदला है।’ केंद्रीय मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश और तेलंगाना की पानी की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से नदियों को जोड़ने के लिये प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने छह नदियों को जोड़ने की योजना बनाई है, जिस पर करीब दो लाख करोड़ की लागत आएगी।
उन्होंने कहा, ‘आंध्र प्रदेश में हमनें पोलावरम सिंचाई परियोजना पर ध्यान केंद्रित किया है। हमनें अब तक सात हजार करोड़ रूपये लिये हैं। इसे केंद्र सरकार के कोष से तैयार किया जा रहा है।’ गडकरी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि सरकार परियोजना पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रही है। गडकरी ने आगे कहा, ‘हम बांध को पूरा करेंगे। गोदावरी नदी का अतिरिक्त पानी जो समुद्र में जा गिरता है उसे कृष्णा नदी की तरफ मोड़ा जाएगा।’
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal