नई दिल्ली। उत्कल केशरी डॉ. हरेकृष्ण महताब के 125वीं जयंती समारोह का उद्घाटन आज विज्ञान भवन में पूर्वाह्न 11ः30 बजे होगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मुख्य अतिथि होंगी। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी प्रमुख रूप से इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। कटक से सांसद और डॉ. हरेकृष्ण महताब के पुत्र भर्तृहरि महताब भी ओडिशा के शेर के प्रभाव और विरासत को सम्मानित करने वाले इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।
संस्कृति मंत्रालय के अनुसार कार्यक्रम में एक विशेष स्मारक डाक टिकट और सिक्का जारी किया जाएगा।
संस्कृति मंत्रालय के तहत स्वायत्त संगठन साहित्य अकादमी ने कार्यक्रम के दौरान विमोचन के लिए ओडिया में एक मोनोग्राफ, गान मजलिस का अंग्रेजी अनुवाद और गांव मजलिस का हिंदी अनुवाद तैयार किया है। इसके अलावा, संस्कृति मंत्रालय उनके जीवन और विरासत पर एक प्रदर्शनी का आयोजन करेगा।
डॉ. हरेकृष्ण महताब का जन्म 21 नवंबर 1899 को ओडिशा के अगरपारा में हुआ था। स्मृति शेष डॉ. महताब भारतीय इतिहास के बहुमुखी नेता हैं। उन्हें स्वतंत्रता सेनानी, राजनीतिज्ञ, इतिहासकार, लेखक, समाज सुधारक और पत्रकार के रूप में जाना जाता है। डॉ. हरेकृष्ण महताब को दृढ़ इच्छाशक्ति, दृढ़ संकल्प और प्रभाव के लिए याद किया जाता है। इससे उन्हें राज्य के अग्रणी नेताओं में से एक के रूप में मान्यता मिली।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal