भारत में अहिल्याबाई ने रखी थी सुशासन की नींव: अजय टम्टा

अयोध्या : केन्द्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा कि भारतीय इतिहास में सबसे पहले सुशासन लाने का कार्य पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर ने किया था। सुशासन की वर्तमान व्यवस्था जिसमें किसानों को नुकसान का मुआवजा देने, विधवाओं का समूह गठन कर उन्हें रोजगार से जोड़ने की शुरुआत अहिल्याबाई होल्कर ने की थी।

केन्द्रीय राज्यमंत्री राज्यमंत्री अजय टम्टा शुक्रवार काे यहां डाॅ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन एवं सम्मान समारोह काे संबाेधित कर रहे थे। केन्द्रीय राज्यमंत्री टम्टा ने कहा कि हम आक्रांताओं का इतिहास पढ़ते हैं, लेकिन हमें वह इतिहास जानना चाहिए जो महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी, अहिल्याबाई होलकर और झांसी की रानी जैसे भारतीय महापुरुषों से जुड़ा है। उन्होंने भगवान राम की जन्म भूमि को प्रणाम करते हुए कहा कि सैकड़ों वर्षों के बलिदान के बाद यहां की जनता ने भाजपा को भव्य राम मंदिर बनाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साैंपा था, जो पूरा हो गया है।

समाराेह में राज्यसभा सदस्य कविता पाटीदार ने अहिल्याबाई होलकर के महान संघर्ष की गाथा की चर्चा की। उन्हाेंने कहा कि उन्हें जीवन में पग–पग पर परीक्षा देनी पड़ी, लेकिन दृढ़ संकल्प से परिपूर्ण होने के कारण उन्होंने हर तरह की चुनौती को पूरा किया, चाहे वह न्याय के शासन के लिए बेटे को दंड देना रहा हो अथवा धर्म, संस्कृति की स्थापना। सांसद पाटीदार ने काशी, केदारनाथ, अयोध्या समेत देशभर में सैकड़ों मंदिरों के निर्माण में योगदान के लिए अहिल्याबाई काे याद किया।

 

महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने गोष्ठी का विषय रखते हुए कहा कि आजादी के पहले वीरता, शौर्य और संघर्ष के लिए महाराणा प्रताप एवं छत्रपति शिवाजी का इतिहास जानना जरूरी है तो मुगल शासन में भग्नावशेष हो चुकी भारतीय संस्कृति के नवजागरण के लिए अहिल्याबाई होल्कर को जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कुछ शक्तियां भारतीय संस्कृति को जागृत होना होता नहीं देखना चाहती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की महान संस्कृति की संवाहक पिछड़ी जाति में जन्मी और सुशासन की छाप छोड़ने वाली महारानी अहिल्याबाई होल्कर का इतिहास आम जनता तक पहुंचाने का जो निर्णय लिया है, वह स्तुति योग्य है।

इससे पूर्व अतिथियों ने संगोष्ठी के पूर्व अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प पुष्पाचन कर उद्घाटन किया। भाजपा के महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों काे भगवान राम की प्रतिमा एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया। पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, क्षेत्रीय मंत्री विजय प्रताप सिंह, कार्यक्रम की प्रांतीय सहसंयोजक एवं भाजपा महिला मोर्चा की मंत्री डॉ. ममता पांडेय, नगर निगम के उपसभापति राजेश गौड़ मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय ने किया।

अहिल्याबाई की जीवन गाथा पर दिखाई गई फिल्म

अहिल्याबाई होल्कर से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई, जिसमें उनकी संघर्ष गाथा देख कर महिलाएं भाव विह्वल हो उठीं। इस मौके पर कूड़ा प्रबंधन पर आधारित फिल्म भी आकर्षण का केंद्र रही।

 

उत्तम कार्य के लिए कई महिलाएं सम्मानित

समाराेह में विभिन्न वर्गों से जुड़ीं महिलाओं का सम्मानित किया गया। इनमें स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं स्वर्ण लता, गायत्री, अनीता चौरसिया, रूपा, कोमल, शैल कुमारी, यूजर चार्ज व्यवस्था से जुड़ीं विनीता पांडेय, निर्मल सिंह, रजनी सिंह, सफाई कर्मियों में सुशीला, मैना देवी, सुमिरता, कृष्णा, पूजा, रीना, मीनावती, गुड़िया ,रामेश्वरी आदि शामिल रहीं। इस मौके पर पीएम सम्मान निधि एवं आवास योजना से संबंधित महिलाओं को प्रमाणपत्र भी साैंपे गए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com