गुमी : भारत के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने शनिवार को एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ 20.32 सेकंड में पूरी करका राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) अपने नाम किया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल की, बल्कि भारत के लिए एथलेटिक्स के इतिहास में भी एक नई उपलब्धि जोड़ दी।
इस साल की शुरुआत में फेडरेशन कप के दौरान अनिमेष ने 20.40 सेकंड का समय लेकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। अब उन्होंने उस रिकॉर्ड को और बेहतर करते हुए नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। अनिमेष कुजूर भारत के लिए एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में पदक जीतने वाले केवल दूसरे धावक बने हैं। इससे पहले धर्मबीर सिंह ने 2015 में इस इवेंट में भारत के लिए मेडल जीता था।
भारत अब तक जीत चुका है 19 मेडल
इस मेडल के साथ भारत ने इस चैंपियनशिप में अब तक कुल 19 पदक जीत लिए हैं, जिसमें 8 गोल्ड, 7 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। मेडल तालिका में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि चीन पहले स्थान पर काबिज है। अनिमेष कुजूर का यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य के लिए एक बड़ा संकेत है, और उनकी इस सफलता ने देशवासियों को गर्व से भर दिया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal