राजौरी : सेना के सतर्क जवानों ने रविवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ को नाकाम कर दिया है, जबकि पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर संदिग्ध गतिविधि का पता चलने के बाद तलाशी अभियान जारी है।
सतर्क जवानों ने राजौरी जिले के केरी सेक्टर के बरातगाला इलाके में नियंत्रण रेखा पर कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी। सतर्क जवानों ने घुसपैठियों को आगे न बढ़ने की चेतावनी दी, लेकिन संदिग्ध घुसपैठियों को लगातार आगे बढ़ते देख जवानों ने तुरंत गोलीबारी की। सेना ने घुसपैठियों को नियंत्रण रेखा के पाकिस्तानी हिस्से में वापस जाने के लिए जवानों ने मजबूर कर दिया। इसके बाद नियंत्रण रेखा पर इलाके की तलाशी शुरू कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य आतंकवाद विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर तब तलाशी अभियान शुरू किया, जब स्थानीय लोगों ने इलाके में कुछ संदिग्ध गतिविधि देखने की सूचना दी। तलाशी अभियान फिलहाल जारी है और अभी तक किसी संदिग्ध के देखे या पकड़े जाने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबल आतंकवादियों, उनके ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) और उनके समर्थकों के खिलाफ आक्रामक तरीके से अभियान चला रहे हैं।—