रोमांचक मोड़ पर लीड्स टेस्ट: बुमराह के 5 विकेट के बाद राहुल की सूझबूझ भरी पारी, भारत को 96 रनों की बढ़त

लीड्स : भारत और इंग्लैंड के बीच हेडिंग्ले (लीड्स) में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का तीसरा दिन जबरदस्त उतार-चढ़ाव से भरा रहा। जसप्रीत बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को पहली पारी में 465 रन पर समेट दिया, जिसके बाद केएल राहुल की नाबाद 47 रनों की पारी के दम पर भारत ने स्टंप्स तक दूसरी पारी में 2 विकेट पर 90 रन बना लिए हैं। इस तरह भारत की कुल बढ़त 96 रन हो गई है।

बुमराह ने किया इंग्लैंड की बल्लेबाजी को ध्वस्त

तीसरे दिन इंग्लैंड ने 209/3 से आगे खेलना शुरू किया। ओली पोप ने 106 रनों की लाजवाब पारी खेली, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने उन्हें जल्दी चलता कर दिया। इसके बाद कप्तान बेन स्टोक्स 20 रन बनाकर आउट हो गए। हैरी ब्रूक को दो जीवनदान मिले और उन्होंने उसका भरपूर फायदा उठाते हुए 99 रन बनाए, लेकिन अपने शतक से एक रन पहले वह प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर शार्दुल ठाकुर को कैच थमा बैठे। निचले क्रम में जैमी स्मिथ (40) और क्रिस वोक्स (38) ने अहम योगदान दिया, जिससे इंग्लैंड की टीम 465 रनों तक पहुंच पाई।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 5 विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को 3 और मोहम्मद सिराज को 2 विकेट मिले।

भारतीय पारी की सधी शुरुआत

पहली पारी में 6 रनों की मामूली बढ़त के साथ भारत ने दूसरी पारी की शुरुआत की, लेकिन ओपनर यशस्वी जायसवाल महज 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने संयम के साथ 66 रनों की साझेदारी की। हालांकि, साई सुदर्शन बेन स्टोक्स की माइंड गेम में फंस गए। पिछली ही गेंद पर जिस स्थान पर फील्डर लगाया गया था, वहां अगली ही गेंद पर कैच थमा बैठे। उन्होंने 30 रन बनाए।

स्टंप्स के समय केएल राहुल 47 रन बनाकर क्रीज़ पर टिके हुए हैं, जबकि कप्तान शुभमन गिल 6 रन बनाकर उनके साथ हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com