नीरज चोपड़ा ने जीता ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक 2025 का खिताब

ओस्ट्रावा (चेक गणराज्य) : भारत के भाला फेंक सितारे और मौजूदा विश्व चैंपियन नीरज चोपड़ा ने मंगलवार को 64वें ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक प्रतियोगिता में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा का खिताब जीत लिया। यह विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर (गोल्ड लेवल) का प्रतिष्ठित आयोजन था।

27 वर्षीय नीरज ने तीसरे प्रयास में 85.29 मीटर का शानदार थ्रो कर पहला स्थान हासिल किया। दक्षिण अफ्रीका के डोउ स्मिट 84.12 मीटर के साथ दूसरे और ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स 83.63 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

यह नीरज चोपड़ा की मौजूदा सत्र की तीसरी जीत है। प्रतियोगिता की शुरुआत नीरज ने एक फाउल थ्रो के साथ की थी। दूसरे प्रयास में उन्होंने 83.45 मीटर फेंका और फिर तीसरे प्रयास में 85.29 मीटर का थ्रो कर बढ़त बना ली। इसके बाद उनके चौथे, पांचवें और छठे प्रयास क्रमशः 82.17 मीटर, 81.01 मीटर और फाउल रहे।

नीरज ने अपने सीजन की शुरुआत साउथ अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में हुई एक इनविटेशनल मीट से की थी, जहां उन्होंने 84.52 मीटर के थ्रो से जीत दर्ज की थी।

इसके बाद उन्होंने दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया, जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। हालांकि, इस मुकाबले में वह जर्मनी के जूलियन वेबर से पीछे रह गए थे, जिन्होंने 91.06 मीटर फेंककर जीत हासिल की।

बाद में पोलैंड के चॉर्ज़ो में हुए जानुस्ज कुसोचिंस्की मेमोरियल में भी नीरज (84.14 मीटर) दूसरे स्थान पर रहे, जबकि वेबर ने 86.12 मीटर के थ्रो से पहला स्थान पाया।

लेकिन पेरिस डायमंड लीग में नीरज ने वापसी करते हुए वेबर को पछाड़ा और अपने पहले ही प्रयास में 88.16 मीटर के थ्रो से खिताब जीता।

नीरज अब अगली बार 5 जुलाई को बेंगलुरु के श्री कांतिरवा स्टेडियम में होने वाली नीरज चोपड़ा क्लासिक में भाग लेंगे। यह भारत में पहली बार होने वाली अंतरराष्ट्रीय भाला फेंक प्रतियोगिता होगी। यह आयोजन नीरज चोपड़ा, जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) और वर्ल्ड एथलेटिक्स (डब्ल्यूए) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

यह भारत में अब तक का सबसे उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स आयोजन होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com