जापान ने पहली बार सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया

टोक्यो : जापान ने पहली बार सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइल का परीक्षण किया है। ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स ने मंगलवार को होक्काइडो में एक प्रशिक्षण मैदान से प्रशांत तटीय जल की ओर एक सिंगल टाइप-88 मिसाइल दागी। जापान ने बुधवार को एक बयान में इस तरह के अपने पहले परीक्षण को वर्तमान “गंभीर सुरक्षा माहौल” को देखते हुए आवश्यक बताया।

जापान टाइम्स अखबार की खबर के अनुसार जापान सेल्फ-डिफेंस फोर्सेज (एसडीएफ) ने कहा है कि इससे चीन का मुकाबला करने के लिए सैन्य क्षमता में वृद्धि होगी। एसडीएफ आमतौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका के ठिकानों पर सतह से जहाज पर मार करने वाली मिसाइल का अभ्यास करता है, लेकिन वह प्रशिक्षण सत्र महंगे होते हैं और इसमें भाग लेने वाले कर्मियों की संख्या अकसर सीमित होती है।

शीर्ष सरकारी प्रवक्ता योशिमासा हयाशी ने बुधवार को नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, “इस तरह के घरेलू लाइव-फायर अभ्यास सैनिकों को प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करते हैं।” उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यास वर्तमान गंभीर सुरक्षा माहौल को देखते हुए द्वीपों और अन्य क्षेत्रों की रक्षा करने की क्षमता को बनाए रखने और सुधारने के लिए हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अभ्यास किसी विशिष्ट राष्ट्र के उद्देश्य से नहीं किया गया।

जापान अपने रक्षा व्यय को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के लगभग 2 फीसद के नाटो मानक तक बढ़ाने की बहु-वर्षीय प्रक्रिया में है। यह वाशिंगटन के साथ अपने सैन्य गठबंधन को भी मजबूत कर रहा है। साथी ही ताइवान पर चीन के आक्रमण जैसे खतरों के जवाब में अमेरिकी और जापानी सेनाओं को और अधिक चुस्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com