अनीश भनवाला, सिफ्त कौर समरा, उमामहेश मड्डिनेनी ने राष्ट्रीय चयन ट्रायल्स टी3 में दर्ज की जीत

देहरादून : महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में ग्रुप ‘ए’ एथलीटों के लिए तीसरा नेशनल सिलेक्शन ट्रायल्स हुआ, जिसमें ओलंपियन अनीश भनवाला, सिफ्त कौर समरा और जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप पदक विजेता उमामहेश मड्डिनेनी ने क्रमशः 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष, 50 मीटर 3 पोजिशन महिला और 10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग में जीत हासिल की।

अनीश ने फाइनल में 33 अंक हासिल किए, जो उनके राज्य साथी आदर्श सिंह से चार अंक अधिक थे। आदर्श 29 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि नौसेना के प्रदीप सिंह शेखावत ने 23 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्वालिफिकेशन के स्टेज 1 में अनीश ने 293 और स्टेज 2 में 289 अंक बनाकर कुल 582-21x अंकों के साथ फाइनल में पहला स्थान हासिल किया। प्रदीप ने 581-17x (290, 291) के साथ दूसरा और गुरमीत सिंह ने 579-15x (289, 290) के साथ तीसरा स्थान पाया। हरसिमर सिंह रत्ता (577-21x), नीरज कुमार (576-16x) और आदर्श सिंह (574-23x) शीर्ष छह में शामिल रहे।

50 मीटर 3 पोजिशन महिला वर्ग में, हाल ही में म्यूनिख में हुए आईएसएसएफ विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली सिफ्त कौर समरा ने 467.3 अंकों के साथ शानदार प्रदर्शन किया। वह दूसरे स्थान पर रहीं आकृति दहिया से 10.4 अंक आगे रहीं, जिनके 456.9 अंक थे। आशी चौकसे ने 443.9 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्वालिफिकेशन में आशी ने 592 अंक बनाकर पहला स्थान पाया, जबकि सिफ्त ने 591 और आकृति ने 588 अंक बनाए। मेहुली घोष (588), आयुषी पोद्दार (587), विदर्शा के. विनोद (586), वंशिका शाह (585) और निश्चल सिंह (585) भी टॉप-8 में शामिल रहीं।

10 मीटर एयर राइफल पुरुष वर्ग के फाइनल में, उमामहेश मड्डिनेनी ने 252.2 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने ब्यूनस आयर्स विश्व कप स्वर्ण पदक विजेता रुद्रांक्क्ष पाटिल (251.5 अंक) को कड़ी टक्कर देकर हराया। दिव्यांश पंवार ने 230.1 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। क्वालिफिकेशन राउंड में स्थानीय खिलाड़ी शौर्य सैनी और दिव्यांश पंवार ने समान 632.9 अंक बनाए, लेकिन शौर्य को अधिक “इनर-10” के आधार पर पहला स्थान मिला। 17 वर्षीय पार्थ राकेश माने ने 632.5 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। रुद्रांक्क्ष (631.9), पार्थ माखिजा (631.6), उमामहेश (630.9), संदीप सिंह (630.9) और विशाल सिंह (630.7) भी फाइनल में पहुंचे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com