विजयवाड़ा : आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरीश कुमार गुप्ता के समक्ष शनिवार को कई माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया। डीजीपी ने मीडिया को इसकी जानकारी दी।
आंध्र प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के समक्ष आत्मसमर्पण करने वालों में रामकृष्ण और अरुणा दंपति भी शामिल है। डीजीपी ने मीडिया को बताया कि सुरक्षा बलों के एक अभियान के दौरान एओबी सीमा के भीतर भारी मात्रा में हथियार जब्त किए गए। जब्त हथियारों में एके-47, हथगोले और कई अन्य घातक हथियार शामिल हैं।
डीजीपी ने कहा कि समय-समय पर माओवादियों की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा बलों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के लगभग 21 लोग छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे विभिन्न राज्यों में माओवादी सदस्य के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने सभी माओवादियों से जीवन की मुख्यधारा में आने और राज्य के विकास में भागीदार बनने की अपील की।आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों की कुल संख्या कितनी है, फिलहाल इसके बारे में डीजीपी की ओर से नहीं बताया गया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal