नौसेना की पश्चिमी कमान के कमांडर बने वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, कार्यभार संभाला

नई दिल्ली : वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने गुरुवार को पश्चिमी नौसेना कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने युद्धपोत शिकरा पर एक औपचारिक परेड में वाइस एडमिरल संजय जे. सिंह से चार्ज लिया। अभी तक वह नई दिल्ली मुख्यालय में नौसेना उप प्रमुख के रूप में कार्य कर रहे थे। कार्यभार ग्रहण करने पर वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने नौसेना डॉकयार्ड, मुंबई में ‘गौरव स्तंभ’ पर राष्ट्र की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ​ने 01 जुलाई​, 1987 को भारतीय नौसेना में कमीशन प्राप्त​ किया था। स्वामिनाथन फ्लैग ऑफिसर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (खड़कवासला), संयुक्त सेवा कमान एवं स्टाफ कॉलेज (श्रीवेनहम, यूनाइटेड किंगडम), नौसेना युद्ध महाविद्यालय (करंजा) और संयुक्त राज्य नौसेना युद्ध महाविद्यालय (न्यूपोर्ट, रोड आइलैंड, अमेरिका) के छात्र रहे हैं।​ उन्होंने अपने नौसैनिक करियर में कई प्रमुख परिचालन, स्टाफ और प्रशिक्षण पदों पर कार्य किया है, जिनमें मिसाइल पोत आईएनएस विद्युत और आईएनएस विनाश, मिसाइल कार्वेट आईएनएस कुलिश, निर्देशित मिसाइल विध्वंसक आईएनएस मैसूर और विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य की कमान शामिल है।

अति विशिष्ट सेवा पदक और विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित फ्लैग ऑफिसर स्वामिनाथन ने नेरियर एडमिरल के पद पर पदोन्नति के बाद दक्षिणी नौसेना कमान, कोच्चि मुख्यालय में मुख्य स्टाफ अधिकारी (प्रशिक्षण) के रूप में कार्य किया और भारतीय नौसेना में प्रशिक्षण के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने भारतीय नौसेना सुरक्षा दल के गठन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो नौसेना के सभी कार्यक्षेत्रों में परिचालन सुरक्षा की देखरेख करता है। इसके बाद उन्होंने फ्लैग ऑफिसर सी ट्रेनिंग के रूप में नौसेना के वर्क-अप संगठन का नेतृत्व किया, जिसके बाद उन्हें पश्चिमी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग के रूप में नियुक्त किया गया। स्वॉर्ड आर्म की कमान संभालने के बाद उन्हें भारत सरकार के अपतटीय रक्षा सलाहकार समूह के फ्लैग ऑफिसर और अपतटीय सुरक्षा एवं रक्षा सलाहकार के रूप में नियुक्त किया गया।

फ्लैग ऑफिसर स्वामिनाथन ने मुंबई स्थित पश्चिमी नौसेना कमान के चीफ ऑफ स्टाफ और नई दिल्ली स्थित नौसेना मुख्यालय में कार्मिक सेवाओं के नियंत्रक एवं कार्मिक प्रमुख के दायित्वों का निर्वहन किया। ​वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की शैक्षणिक योग्यताओं में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली से बीएससी की डिग्री​, कोचीन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कोच्चि से दूरसंचार में एमएससी​, किंग्स कॉलेज, लंदन से रक्षा अध्ययन में एमए​, मुंबई विश्वविद्यालय से सामरिक अध्ययन में एमफिल और मुंबई विश्वविद्यालय से अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में पीएचडी शामिल हैं। ——————————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com