लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरूवार को कहा कि भाजपा चुनाव में बूथ प्रबंधन से विपक्ष के झूठ, फरेब को परास्त करेगी। निश्चित विजय और संगठन विस्तार का फॉर्मूला प्रभावी बूथ प्रबंधन ही है। पंचायत चुनाव से पहले माइक्रो मैनेजमेंट से बूथ प्रबंधन का कार्य पूरा करना है। उन्होंने कहा कि मंडल अध्यक्ष, शक्तिकेन्द्र संयोजक और बूथ अध्यक्षों पर बूथ प्रबंधन की बड़ी जिम्मेदारी है। हमें सजगता और सक्रियता से सतत कार्य करने का स्वभाव विकसित करना होगा, जो हमें विपक्षी दलों के षड़यंत्र को ध्वस्त करने तथा पार्टी को मजबूत करने में सहायक होगा। धर्मपाल सिंह हरदोई में जिले के मंडल अध्यक्षों व शक्तिकेन्द्र संयोजकों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शक्तिकेन्द्र संयोजक की संगठनात्मक भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि शक्तिकेन्द्र संयोजकों को बूथ समिति के साथ मिलकर सम्पर्क व संवाद की संगठनात्मक परम्परा के अनुरूप काम करना होगा। विचार परिवार, सहकारिता से जुडे़ लोगों के साथ पार्टी के पुराने नेता एवं कार्यकर्ता तथा भाजपा से जुडे़ नए कार्यकर्ता व नेताओं से संपर्क करके उन्हें सक्रिय रूप से पार्टी के कार्यक्रमों और अभियानों से जोड़ना है। उन्होेंने कहा कि मंडल अध्यक्ष तथा शक्तिकेन्द्र संयोजको पर बूथ को सतत सक्रिय रखने की बड़ी जिम्मेदारी है। बूथों पर पार्टी के सभी प्रभावी कार्यक्रम, नियमित मासिक बैठक, मंडल अध्यक्ष, शक्तिकेन्द्र संयोजक तथा बूथ अध्यक्षों में डायरी मेंटेन करने की आदत, मन की बात कार्यक्रम से प्रत्येक बूथ पर स्थानीय नागरिकों को जोड़ना तथा बूथ के प्रत्येक मतदाता तक नियमित संपर्क व संवाद से ही मजबूत व प्रभावी बूथ समिति का निर्माण होता है। बूथ पर केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की योजनाओं एवं नीतियों तथा ऐतिहासिक निर्णयों के साथ बार-बार और हर बार संवाद का स्वभाव विकसित करना होगा।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि बूथ समिति की सक्रियता में ही संगठन की मजबूती निहित है और मजबूत संगठन ही जीत का आधार है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव के लिए हमें पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी की नीति पर काम करना है। उन्होंने कहा कि सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी व सर्वसमावेशी संगठन निर्माण के लिए कार्य करते हुए हमें केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के भी सतत संपर्क में रहना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि सपा व कांग्रेस सिर्फ अपने परिवार की राजनैतिक विरासत बचाने और दरकी हुई राजनैतिक जमींन को सहजने के लिए झूठ व अफवाहें फैलाकर जनमानस को भ्रमित करने का काम कर रहे है। जनता जानती है कि सपा व कांग्रेस की राजनीति जातिवाद व मुस्लिम तुष्टिकरण की वैशाखी पर टिकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का एजेंण्डा सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास लेकर आत्मनिर्भर विकसित भारत का निर्माण है।