समग्र विकास के लिए बिहार में चाहिए तीसरी बार एनडीए सरकार : डॉ. मोहन यादव

भोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार की धरती हमेशा से पूजनीय रही है। यह हमारी सनातन संस्कृति का गौरवशाली पृष्ठ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार में बिहार तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां विकास की अपार संभावनाएं है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार सहित देश भर में धार्मिक पर्यटन केंद्र बन रहे हैं। बिहार में समग्र विकास के लिए तीसरी बार एनडीए सरकार बनाना है। पीएम किसान सम्मान निधि सिर्फ पैसा नहीं है, यह किसानों के पसीने का सम्मान है।

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को बिहार के बांका जिले के कटोरिया, भागलपुर जिले के नाथनगर एवं मधेपुरा जिले के आलमनगर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हमारा शरीर पंच तत्वों से बना है। देश की सभी नदियों का जल गंगाजल के समान है। बिहार से लेकर विदेशों तक छठ मैया की जय-जयकार हो रही है। यह हमारी सनातन संस्कृति का गौरवशाली पृष्ठ है।

 

बिहार में 74 लाख किसानों को मिल रही किसान सम्मान निधि

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया हमें अब सम्मान की नजरों से देखती है। बिहार में अपार विकास की क्षमताएं हैं। एनडीए सरकार के नेतृत्व में बिहार आगे बढ़ रहा है। बिहार आगे बढ़ना चाहिए, देश आगे बढ़ना चाहिए और हर घर का बेटा-बेटी आगे बढ़ना चाहिए। अगर किसी को आगे बढ़ाने का मौका कोई देता है तो वह भारतीय जनता पार्टी है। मैं किसान परिवार से आता हूं, लेकिन पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री बना दिया। प्रधानमंत्री मोदी का मूल मंत्र रहा है, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ और पार्टी की सोच भी हमेशा यही रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने किसान सम्मान निधि देने का कार्य किया और आज बिहार में 74 लाख किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। बिहार में बहनों को दस-दस हजार रुपये देकर उनका जीवन बदलने का कार्य किया है।

 

भगवान श्रीराम को लेकर सवाल खड़े करने वालों को सबक सिखाएं

 

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार की पावन धरा पर महात्मा गौतम बुद्ध, महावीर स्वामी का जन्म हुआ। श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब ने बिहार में सूर्य नारायण का मंदिर बनाया था। वह जमाना गया, जब देश में भगवान श्रीराम के नाम और वजूद पर सवाल खड़े किए जाते थे। कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने सर्वोच्च न्यायालय में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर विरोध किया उनके अस्तित्व को नकारने का काम किया। भगवान श्रीराम को लेकर सवाल खड़े करने वाली कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को बिहार की जनता इस चुनाव में सबक सिखाएगी।

 

हमारी सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सभी धर्मों का सम्मान करते हुए देशभर में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। माता सीता का संबंध बिहार के सीतामढ़ी से है। यहां भी सीताजी के भव्य तीर्थ का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिहार के लोगों के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। भाजपा और एनडीए की पार्टियों में परिवारवाद के लिए कोई स्थान नहीं है। मेरे घर में कोई विधायक नहीं था, न कोई सांसद था। मुझ जैसे सामान्य व्यक्ति को प्रदेश का मुख्यमंत्री पद संभालने का अवसर मिला, ये एनडीए के कार्य करने का तरीका है।

 

अयोध्या मुद्दे पर कांग्रेस नेता हिंदू-मुस्लिमों को वर्षों तक लड़ाते रहे

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की नगरी से एनडीए प्रत्याशियों की जीत का आशीर्वाद लेकर आया हूं। बिहार की जनता हीरा परखना जानती है। प्रधानमंत्री मोदी एक गरीब परिवार से आते हैं, लेकिन अब वह दुनिया में भारत का मान बढ़ा रहे हैं। प्रधानमंत्री की उपस्थिति से हर मंच प्रकाशमान हो जाता है। कांग्रेस और उनके साथ वाले सालों तक अयोध्या के मुद्दे पर देश के हिंदु-मुस्लिमों को लड़ाते रहे, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से निर्णय आया और अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बनकर तैयार है। कहीं कोई दंगा नहीं हुआ और सबने मिलकर जय श्रीराम का नारा लगाया। आज बिहार बदल रहा है और देश भी बदल रहा है। भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने को तैयार है। इस विकास यात्रा में बिहार को भी साथ चलने की आवश्यकता है। बिहार को विकास की मुख्यधारा से जोड़े रखने के लिए बिहार में तीसरी बार एनडीए सरकार बनाने की आवश्यकता है। प्रधानमंत्री जी बिहार के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान कर रहे हैं। किसानों को सम्मान निधि, माता-बहनों को धनराशि और गरीबों को निःशुल्क आवास का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री ने गरीबी में चाय बेची, वे गरीब के घर की परेशानी को अच्छी तरह समझते हैं। मैं भी आपके परिवार से आता हूं। लोकतंत्र का सच्चा सुख तो इसमें है कि सबको बराबर मौका मिलना चाहिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com