भोपाल : मध्य प्रदेश एक बार फिर जल संरक्षण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होगा। । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार समारोह में मध्य प्रदेश को दो श्रेणियों में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के खरगोन जिले को पूर्वी क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ जिले और मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की कावेश्वर पंचायत को सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत की श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। खंडवा के कलेक्टर ऋषव गुप्ता एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा यह पुरस्कार ग्रहण करेंगे।
जल शक्ति मंत्रालय के अंतर्गत जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग ने वर्ष 2024 के लिए 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के तहत कुल 46 विजेताओं (संयुक्त विजेताओं सहित) की घोषणा की है। ये पुरस्कार 10 श्रेणियों में दिए जा रहे हैं- सर्वश्रेष्ठ राज्य, सर्वश्रेष्ठ जिला, सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत, सर्वश्रेष्ठ शहरी स्थानीय निकाय, सर्वश्रेष्ठ स्कूल या कॉलेज, सर्वश्रेष्ठ उद्योग, सर्वश्रेष्ठ जल उपयोक्ता संघ, सर्वश्रेष्ठ संस्था (स्कूल या कॉलेज के अतिरिक्त), सर्वश्रेष्ठ सिविल सोसाइटी और जल क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति।
वर्ष 2024 के लिए 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार का शुभारंभ 23 अक्टूबर 2024 को गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर किया गया था। कुल 751 आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी समीक्षा और मूल्यांकन विशेषज्ञ समिति द्वारा किया गया। चयनित आवेदनों का परीक्षण केंद्रीय जल आयोग और केंद्रीय भूजल बोर्ड द्वारा किया गया। अंतिम रिपोर्टों के आधार पर वर्ष 2024 के 6वें राष्ट्रीय जल पुरस्कारों के लिए कुल 46 विजेताओं का चयन किया गया।
कैच द रेन के अंतर्गत साउथ जोन की श्रेणी एक में पहला पुरस्कार ईस्ट निमाड़ जिले को तथा श्रेष्ठ 50 शहरी निकायों में गुना को, ज़िलों में श्रेणी तीन में दूसरी रैंक में गुना, बैतूल, धार, देवास, सिवनी और खरगोन का चयन हुआ है। खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता ने बताया कि “जल शक्ति अभियान: कैच द रेन” के तहत शुरू की गई “जल संचय, जन भागीदारी” पहल में खंडवा जिले ने जल संरक्षण के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित करते हुए देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, इसके लिए जिले को दो करोड़ रुपये का पुरस्कार मिलेगा। कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि खंडवा जिले की ग्राम पंचायत कावेश्वर में किए गए जल संरक्षण के उल्लेखनीय कार्यों के कारण देश की सभी पंचायतों में कावेश्वर का चयन किया गया है। इसके लिए 1.5 लाख रुपये का नगद पुरस्कार एवं ट्रॉफी प्रदान की
जाएगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal