संविधान दिवस पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण और गृहमंत्री अमित शाह सहित तमाम नेताओं ने संविधान निर्माताओं को नमन किया

नई दिल्ली : संविधान दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण, गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने संदेश साझा करते हुए नेताओं ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने संविधान के मूल सिद्धांतों न्याय, समानता, स्वतंत्रता, भाईचारा और धर्मनिरपेक्षता को संरक्षित करने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया।

 

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्ण ने कहा कि संविधान सभा के विचारकों ने देश को एक कालजयी संविधान दिया जो लोकतंत्र की मार्गदर्शक शक्ति है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के मूल्य हमें अधिक समावेशी, सशक्त और प्रगतिशील भारत बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी से संविधान की भावना के अनुसार कार्य करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।

 

गृहमंत्री अमित शाह ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हर नागरिक को समान अवसर, सम्मान और अधिकार प्रदान करता है और यह राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है।

 

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संविधान को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए सभी देशवासियों को संविधान दिवस और राष्ट्रीय कानून दिवस की शुभकामनाएं दी।

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि संविधान केवल वकीलों का दस्तावेज़ नहीं बल्कि जीवन जीने का माध्यम है। उन्होंने न्याय, समानता, स्वतंत्रता, भाईचारा और धर्मनिरपेक्षता जैसे मूल सिद्धांतों की रक्षा करने की अपील की।

 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि संविधान देश के हर नागरिक से किया गया एक पवित्र वादा है, जो गरीबों और वंचितों को सुरक्षा और शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने सभी से संविधान की रक्षा करने और उसके मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की अपील की।

 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा साहेब आंबेडकर की दूरदर्शिता और अथक परिश्रम से निर्मित संविधान विश्व के सबसे सशक्त लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।

 

केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि संविधान भारत के लोकतंत्र को सशक्त, समावेशी और जीवंत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और सभी महान आत्माओं

को नमन किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com