राहुल गांधी की रैली के बाद होगा बिहार में सीटों का बंटवारा : तारिक अनवर

पूर्व सांसद बोले, लोकसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी कांग्रेस

नई दिल्ली : नई दिल्ली में गुरुवार को पूर्व सांसद एवं कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि बिहार में महागठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के बाद ही तय हो पाएगा। यह रैली कांग्रेस पार्टी कर रही है। इसमें गठबंधन के सभी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। तारिक अनवर ने कहा कि बिहार में महागठबंधन के बीच लोकसभा की सीटों को लेकर किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली के बाद सभी दलों के नेता आपस में मिल-बैठकर सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप देने का काम करेंगे। केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बिहार में झुककर समझौता किया है, जबकि कांग्रेस पार्टी महागठबंधन में मिली पिछली लोकसभा चुनाव की सीटों से कम पर समझौता नहीं करेगी।

तारिक अनवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ने के इरादे से मैदान में आएगी। उत्तर प्रदेश में हुए सपा-बसपा गठबंधन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसमें कांग्रेस पार्टी को नजरअंदाज किया गया है। कांग्रेस पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद सभी पहलुओं पर गौर कर रहे हैं। हो सकता है कि कांग्रेस पार्टी छोटे दलों के साथ गठबंधन कर उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव लड़े। तारिक अनवर ने कहा कि राजनीति में कुछ भी हो सकता है। अभी उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन हुआ है लेकिन चुनाव के बाद केंद्र में बनने वाली सरकार को समर्थन देने की जब बात आएगी तो यह दल किसके साथ जाएंगे यह अभी से स्पष्ट है। यह लोग भाजपा के साथ तो कम से कम नहीं जाएंगे। कुछ ऐसा ही हाल बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का रहेगा। वह भी भाजपा सरकार का समर्थन नहीं करेंगी।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com