नई दिल्ली : पश्चिमी जिले के इन्द्रपुरी इलाके में दहेज लोभियों ने बुधवार दोपहर अपनी बहू को तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार रानी (बदला हुआ नाम) (20) परिवार के साथ इन्द्रपुरी में रहती है।
कुछ वर्ष पहले उसकी शादी इन्द्रपुरी निवासी मशरूर के साथ हुई। शादी के बाद कुछ समय तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता रहा, लेकिन अभी कुछ माह से उसे दहेज के लिये परेशान किया जाने लगा। पीड़िता ने कई बार परेशान करने से मना किया। जिसपर उसके साथ मारपीट की जाती। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोपहर में पीड़िता तीसरी मंजिल में खड़ी थी। तभी पीछे से उसे किसी ने धक्का दिया। वह नीचे गिर गई। आस-पास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पीड़िता ने अपनी सास,नंद व परिवार के अन्य लोगों के ऊपर आरोप लगाया है। वहीं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार पुलिस ने पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal