बढ़ी ठिठुरन: पहाड़ों पर खून जमा देने वाली सर्दी, मैदानों में शीतलहर

पहाड़ों पर हो रही जबर्दस्त बर्फबारी से खून जमा देने वाली सर्दी पड़ रही है। हिमाचली क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर चल रही है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान चार डिग्री दर्ज किया गया। हिमाचल के केलंग में न्यूनतम तापमान माइनस 17, जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र का द्रास में न्यूनतम तापमान माइनस 28.7 तक पहुंच गया। कुछ दिनों पहले हुई बर्फबारी और बारिश से उत्तराखंड के चार धाम में जनजीवन अभी तक अस्तव्यस्त है। रविवार को बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के अलावा पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में हिमपात हुआ। अब भी पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में 16 सड़कें बंद हैं और 95 गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। 232 गांवों में बिजली गुल है। उत्तरकाशी जिले में पाइप लाइन में पानी तक जम चुका है। ऐसे में ग्रामीण बर्फ पिघलाकर प्यास बुझा रहे हैं।

जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में रविवार को द्रास राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहां न्यूनतम तापमान शून्य से 28.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी शून्य से नीचे (माइनस 10.1) रहा।

गंगोत्री हाईवे पर पांच साल बाद बना हिमखंड

कारण इस बार पांच साल बाद गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के पास चांगथांग नामक स्थान पर हिमखंड बनने लगा है। यदि फरवरी और मार्च में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहा तो यह हिमखंड और विशाल हो जाएगा। उत्तरकाशी से आगे गंगोत्री हाईवे कई जगह बर्फ से पट चुका है। हर्षिल से पांच किलोमीटर दूर चांगथांग नामक स्थान पर अक्सर एक विशाल हिमखंड आकार लेता है, लेकिन बीते वर्षों में कम बर्फबारी के कारण हिमखंड आकार नहीं ले पा रहा था। हर्षिल की ग्राम प्रधान और पर्यावरणविद् बसंती देवी ने बताया कि इस बार हिमखंड आकार ले चुका है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर यह हिमखंड करीब एक किलोमीटर लंबा और 100 मीटर चौड़ा और करीब 25 फीट ऊंचा होता है। 2014 में आखिरी बार यहां हिमखंड बना था।

छह दिन बाद भी केदारनाथ में बिजली बहाल नहीं

केदरानाथ धाम में छह से सात फीट बर्फ जमा हो चुकी है। छह दिन बाद भी यहां बिजली बहाल नहीं हो पाई है। गौरीकुंड व केदारनाथ के बीच कई जगह क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। समूचा उत्तराखंड शीतलहर की चपेट में है। जोशीमठ, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है, जबकि मसूरी में तापमान शून्य पर है। पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में भी तापमान शून्य के करीब है।

महिला ने डेढ़ फीट बर्फ में दिया बच्ची को जन्म

हिमाचल प्रदेश के चंबा मेडिकल कॉलेज से जांच के बाद लौटाई गई ब्रेही निवासी गर्भवती महिला को डेढ़ फीट बर्फ में बच्चे को जन्म देना पड़ा। चंबा से करीब 20 किलोमीटर दूर भरमौर क्षेत्र की ब्रेही पंचायत से गर्भवती महिला संजू शनिवार देर शाम को मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंची थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे घर भेज दिया गया। पिता लाट सिंह व पति संजू के साथ महिला वाहन से मैहला पहुंची और वहां से करीब ढाई किलोमीटर दूर पैदल बर्फ के बीच घर जा रही थी कि तबीयत खराब हो गई। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर उसे डेढ़ फीट बर्फ में बच्ची को जन्म दे दिया। देर रात जच्चा-बच्चा को मेडिकल कॉलेज चंबा में दाखिल करवाया गया।

बर्फ में फंसे साधु को जोशीमठ पहुंचाया

बर्फबारी के चलते चमोली में भविष्य बदरी मंदिर में तप कर रहे एक साधु की जान पर बन आई। रेस्क्यू टीम 25 किलोमीटर बर्फीली राह नापकर साधु को सकुशल जोशीमठ लेकर आई। सुभाई गांव स्थित भविष्य बदरी मंदिर में तीन महीने से तपस्यारत गुजरात मूल के एक साधु योगी पार्थवानंद बर्फबारी के चलते यहां फंस गए। साधु ने गुजरात में अपने एक परिचित को मोबाइल के जरिये खुद के भविष्य बदरी मंदिर में फंसे होने की सूचना दी

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com