लखनऊ। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा पर हमला बोलने के साथ ही अखिलेश यादव का नाम लिये बगैर कहा है कि समाजवादी पार्टी ने समाजवादियों पर जुल्म ढाने वालों से गठबन्धन कर लिया है। अपनी पार्टी की पहली प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शिवपाल ने बुधवार को कहा कि भाजपा सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक, युवा, महिलाएं, व्यवसायी सभी दुखी हैं। वे समाजवादी लोग हैं, आंदोलन कर हमेशा खुद को साबित किया है। संघर्ष के दम पर समाजवादियों ने सरकारें बदली हैं और इस बार भी यही करेंगे। बैठक में कहा गया कि अयोध्या में विवादित भूमि पर उच्चतम न्यायालय के आदेश को ही माना जायेगा।
उन्होंने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन स्वार्थवश बना है। इस गठबंधन का अहंकार जल्द ही दूर होगा। जनता चुनाव में इन्हें सटीक जवाब देगी। सपा ने समाजवादियों पर जुल्म ढाने वालों से ही हाथ मिला लिया। बैठक में चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसमें आर्थिक और राजनीतिक प्रस्ताव भी पेश किए गए। पार्टी के प्रमुख महासचिव वीरपाल सिंह यादव ने राजनीतिक-आर्थिक प्रस्ताव पेश किया। इसमें कहा गया है कि प्रसपा गांव, किसान, नौजवानों, मजदूरों, मजलूमों व अल्पसंख्यकों की समस्याओं के समाधान को प्रतिबद्ध है। इसके लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। बैठक में उपाध्यक्ष सैयदा शादाब फातिमा, प्रदेश अध्यक्ष सुंदर लाल लोधी, पूर्व मंत्री शारदा प्रसाद शुक्ला आदि मौजूद थे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal