दिल्ली-एनसीआर में मार्च में सामान्य से नीचे चल रहा अधिकतम तापमान मंगलवार को सामान्य से ऊपर चला गया। इस तरह से मार्च के मध्य तक रही सर्दी के बाद अब गर्मी ने दस्तक दे दी है।
होली के दिन तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार अब अगले सप्ताह तक अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढ़ता रहेगा। हालांकि आज हल्की बूंदाबांदी व तेज सतही हवाएं चलेंगी।
इस कारण से तापमान में कुछ ज्यादा गिरावट नहीं होगी। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 28.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि मंगलवार को तापमान में बढ़ोतरी हुई और तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 31.8 डिग्री तक जा पहुंचा।
हालांकि न्यूनतम तापमान में सामान्य से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। विभाग की मानें तो बुधवार को हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज सतही हवाएं चलेंगी। अगले सप्ताह तक तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।
अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बुधवार के बाद बारिश की संभावना कम ही है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal