अंतरिक्ष में भी भारत की सर्जिकल स्ट्राइक, स्वदेशी मिसाइल से मार गिराया लाइव सैटेलाइट

अमेरिका, रूस और चीन के बाद भारत बना दुनिया की चौथी महाशक्ति

नई दिल्ली : भारत बुधवार को दुनिया के उन चंद देशों में शामिल हो गया जिसने अंतरिक्ष में मिसाइल मारक क्षमता हासिल की है। भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद अंतरिक्ष में उपग्रह नष्ट करने वाली क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। मिशन की सफलता के लिए देशभर से रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) को बधाई मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यह घोषणा कि भारत ने अंतरिक्ष में सैटेलाइट मार गिराने की क्षमता हासिल कर ली है। दिल्ली में आर्थिक और सुरक्षा मामलों की बैठक के बाद राष्ट्र के नाम दिए संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अंतरिक्ष को युद्ध का मंच नहीं बनाना चाहता। वह देश की सुरक्षा को सर्वोपरि मानता है।

उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति आज के समय में देश की सुरक्षा को मजबूत करने, आर्थिक विकास और तकनीकी विकास सुनिश्चित करने के लिए बेहद जरूरी है। करीब 15 मिनट के राष्ट्र के नाम संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष के निचली कक्षा में स्थापित एक सैटेलाइट को आज भारत में विकसित एंटी सैटेलाइट वैपन (ए-सैट) के माध्यम से मार गिराया गया है। उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत निशाना लगाने के तीन मिनट बाद ही वेपन ने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया। उन्होंने कहा कि ए-सैट मिसाइल भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को मजबूती देगा। वह विश्व समुदाय को भरोसा दिलाना चाहते हैं कि यह क्षमता दुनिया के किसी के खिलाफ नहीं है। यह मिशन केवल भारत की रक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए है। भारत अंतरिक्ष में हथियारों की होड़ के खिलाफ है और वह मानते हैं कि भारत की उपलब्धि ने किसी अंतरराष्ट्रीय संधि का उल्लंघन नहीं किया है।

विपक्ष ने की आलोचना, मोदी बोले यह शर्मनाक

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मिशन शक्ति की सफलता पर रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिकों को बधाई दी। इसी संदेश में उन्होंने प्रधानमंत्री का माखौल उड़ाते हुए कहा कि आपको ‘विश्व नाटक दिवस’ की बधाई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, यह चुनाव में राजनीतिक फायदा उठाने की हरकत है। उन्होंने कहा, इसकी चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री की ओर से मिशन शक्ति को लेकर की जा रही आलोचना को शर्मनाक बताया है। मोदी ने राहुल की इस आलोचना का सीधा उत्तर नहीं दिया लेकिन पैरा एथलीट दीपा मलिक के बधाई संदेश के जवाब में कहा, ‘शर्मनाक उपहास से वैज्ञानिक विचलित नहीं होते।’ मोदी ने आलोचकों के नामों का सीधा उल्लेख नहीं किया। मगर ट्वीट में कहा कि हमारे वैज्ञानिक मुठ्ठीभर लोगों के शर्मनाक उपहास से विचलित नहीं होते। मां भारती को मजबूत बनाने के उनके प्रयास जारी रहेंगे। प्रधानमंत्री ने भारत के अंतरिक्ष सैन्य महाशक्ति बनने पर पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और भारत रत्न लता मंगेशकर सहित जानी-मानी हस्तियों की ओर से भेजे गए बधाई संदेशों के प्रति आभार जताया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com