लखनऊ : विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी सिटी मोन्टेसरी स्कूल के तीन छात्रों ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस.) में चयनित होकर विद्यालय का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया है। इन छात्रों में सी.एम.एस. महानगर कैम्पस की छात्रा आयुषी सिंह (86वीं रैंक), सी.एम.एस. अलींगज (प्रथम कैम्पस) की छात्रा कृति पाण्डेय (389वीं रैंक) एवं सी.एम.एस. राजाजीपुरम (प्रथम कैम्पस) के छात्र सिद्धार्थ गौतम (538वीं रैंक) शामिल हैं। यह जानकारी सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने दी है। शर्मा ने बताया कि सी.एम.एस. के इन सभी होनहार छात्रों की अभूतपूर्व सफलता पर पूरे सी.एम.एस. परिवार को गर्व है, जिन्होंने अपनी मेधा, प्रतिभा व लगन से सी.एम.एस. के स्वर्णिम इतिहास में नया कीर्तिमान जोड़ा है एवं पूरे देश में सी.एम.एस. का नाम रोशन किया है।
शर्मा ने बताया कि इन तीनों छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के अलावा सी.एम.एस. के शैक्षिक वातावरण को दिया है। छात्रों का कहना है कि सी.एम.एस. के ईश्वरीय वातावरण में समाजसेवा भी भावना समाहित है, जिसके कारण हमें इस परीक्षा में चयनित होने की लालसा हुई। बच्चों को संदेश देते हुए इन छात्रों ने कहा कि असफलता से विचलित नहीं होना चाहिए और सफलता के लिए निरन्तर प्रयास करते रहना चाहिए। एक दिन आपको सफलता अवश्य मिलेगी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal