मेरठ : पूरे देश को हिला देने वाले कैराना पलायन के बाद अब मेरठ के प्रह्लाद नगर से भी पलायन का मामला सामने आया है। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के प्रह्लाद नगर से लगभग 125 हिन्दू परिवारों ने अपने मकान बेचकर पलायन कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने आनलाइन शिकायत के बाद रिपोर्ट तलब की है। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। बढ़ते अपराध, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ आदि वारदातों के कारण शामली जनपद के कैराना से हिन्दुओं के पलायन के मुद्दे को कैराना से सांसद रहे स्वर्गीय हुकुम सिंह ने उठाया था। इससे कैराना पलायन पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया था। कैराना के साथ-साथ रामपुर, अलीगढ़ से भी हिंदुओं के पलायन की घटनाएं हो रही है। मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा प्रह्लाद नगर कभी हिन्दू बाहुल्य इलाका था। यह क्षेत्र चारों ओर से मुस्लिम बस्तियों से घिरा है। यहां के लोगों का कहना है कि मुस्लिम समाज के असामाजिक तत्व लंबे समय से यहां की महिलाओं से छेड़छाड़ व अभद्रता करते आ रहे हैं। इसलिए यहां से हिन्दू परिवारों का पलायन तेजी से हुआ है। अभी तक यहां से लगभग 125 हिन्दू परिवार अपना मकान बेचकर यहां से जा चुके हैं।
आम आदमी का यहां रहना दूभर हो गया है। कई अन्य परिवार भी यहां से अपना मकान बेचकर जाने को तैयार है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बाद भी भाजपा के जनप्रतिनिधियों की आवाज भी पुलिस प्रशासन के अधिकारी नहीं सुन रहे। नगर निगम के वार्ड 56 के भाजपा पार्षद जितेंद्र पाहवा का कहना है कि शरारती तत्वों ने पूरे प्रह्लाद नगर में अराजकता फैलाई हुई है। इससे परेशान होकर लोग यहां से पलायन कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की। भाजपा नेताओं ने स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर ‘नमो ऐप’ पर पूरे मामले की शिकायत की तो कार्रवाई शुरू हुई। प्रधानमंत्री कार्यालय ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय को तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कार्यालय से मेरठ के जिलाधिकारी व एसएसपी से पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी तो पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने तत्काल ही सीओ कोतवाली व लिसाड़ी गेट एसओ को जांच करके कार्रवाई के निर्देश दिए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal