58924 ग्राम पंचायतों और 652 शहरी क्षेत्रों में होगा पौधारोपण : शलम मणि त्रिपाठी
लखनऊ : प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार वृक्षारोपण में अपना ही रिकार्ड तोड़ने की तैयारी कर रही है। इस अभियान को वृक्षारोपण महाकुंभ का नाम दिया गया है। वृक्षारोपण महाकुंभ के तहत सरकार इस साल 15 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न हिस्से में 22 करोड़ पौधे लगाएगी जो अपने आप में एक नया रिकार्ड होगा। पिछले साल 11 करोड़ पौधे लगाकर योगी सरकार गिनीज वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में जगह बनाने में कामयाब रही थी। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि 2022 तक प्रदेश में हरियाली का स्तर 15 प्रतिशत तक पहुंचे, जोकि अभी उनके प्रयासों के बाद 9.2 प्रतिशत के करीब है। प्रदेश की जनता और हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए ये एक बड़ा तोहफा होगा। इस महाअभियान का आने वाले समय में दूरगामी परिणाम देखने को मिलेगा।
शलम मणि त्रिपाठी ने बताया कि अभी हाल ही में आए ‘फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया’ के सर्वे के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में प्रदेश में वन क्षेत्र 676 वर्ग किलोमीटर बढ़ा है। ये अपने आप में ही एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री के तौर पर काम संभालने के बाद योगी आदित्यनाथ ने इस दिशा में प्रयास शुरू कर दिए थे। इसी के तहत पिछले वर्ष एक ही दिन में 11 करोड़ पौधे लगाए गए थे। इन कोशिशों के चलते ही आज प्रदेश में हरियाली का स्तर 9.2 प्रतिशत पहुंच गया है। 22 करोड़ पौधारोपण के बाद हरियाली का यह स्तर लगभग 12 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा। शलभ मणि ने कहा कि इस साल 22 करोड़ पौधे लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इसके लिए किसानों से सर्वे कराकर उनकी पसंद के पौधे पौधशालाओं में तैयार कराए गए। अब इन पौधों को लगाने के लिए 15 अगस्त की तारीख चुनी गई है। ये 22 करोड़ पौधे प्रदेश सरकार की तरफ से निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रदेश प्रवक्ता के मुताबिक, वृक्षारोपण महाकुंभ अभियान से प्रदेश की सभी 58 हजार 924 ग्राम पंचायतों और 652 शहरी क्षेत्रों को जोड़ दिया गया है। इस महाअभियान के लिए हर गांव में वृक्ष अभिभावक यानी कि ट्री गार्जियन बना दिए गए हैं। ये वृक्ष अभिभावक पौधे लगाए जाने से लेकर उनकी देखरेख तक की जिम्मेदारी उठाएंगे। इसके लिए ग्राम प्रधान को भी जवाबदेह बनाया गया है। प्रदेश सरकार के 23 मंत्रालय इस महाअभियान का हिस्सा बनेंगे। उन्होंने प्रदेश की जनता, सामाजिक संगठनों, गैर सरकारी संगठनों से अपील की है कि वह इस महाअभियान का हिस्सा बनकर आने वाली पीढ़ियों को एक बेहतर वातावरण देने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कोशिश को सफल बनाएं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal