अगर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संतोष गंगवार का संदेह सही है और जांच में इसकी पुष्टि हो जाती है तो निश्चित ही लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती पर सवाल खड़ा होगा। बतौर भाजपा प्रत्याशी उनका कहना है कि कालीबाड़ी मुहल्ला स्थित विष्णु बाल सदन के बूथ संख्या 290 पर उन्हें महज पांच और सपा को 583 वोट मिले हैं। तब, जबकि यह इलाका भाजपा का गढ़ माना जाता है। बूथ के पास ही सूबे के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल का घर है और वह अपना वोट यहीं डालते हैं।

केंद्रीय मंत्री ने इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह को पत्र लिखा है। बताया कि विष्णु बाल सदन, कालीबाड़ी में बूथ संख्या 290 के वोट कमरा नंबर एक में पड़ते हैं। संज्ञान में आया है कि इस बूथ पर उन्हें पांच, सपा उम्मीदवार को 583, जबकि कांग्रेस को 29 वोट मिले थे। बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में इतने कम वोट मिलना हैरानी भरा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal