केजरीवाल बोले, अगले दो दिन बेहद मुश्किल भरे
नई दिल्ली : हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से 8.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अगले दो दिन दिल्ली के लिए बेहद मुश्किल भरे बताते हुए यमुना के आसपास बसे लोगों को जगह खाली कर प्रशासन द्वारा बनाए गए शिविरों में जाने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को सचिवालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बाढ़ की स्थिति से निपटने के उपायों पर चर्चा की गई। उसके बाद केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जनता से हमारी अपील है कि घबराने की बिलकुल जरूरत नहीं है, हमने सारे इंतजाम किए हैं। केंद्र सरकार के साथ मिलकर दिल्ली सरकार अलर्ट मोड पर है।
केजरीवाल ने घोषणा की है कि आने वाले दो दिनों के लिए सरकार की प्राथमिकता, यमुना के दोनों किनारों पर बसे घरों को खाली कराकर और लोगों का जीवन सुरक्षित करने की होगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने रविवार को 8.28 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा है। वहां से छोडे गए पानी को दिल्ली पहुंचने में 36 से 72 घंटे लगते हैं। यमुना आज चेतावनी के निशान को पार कर चुकी है और शाम तक हथनीकुंड से छोड़े गए पानी से यह खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर जाएगी। इससे पहले वर्ष 2013 में हरियाणा ने 8.06 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा था, जिससे यमुना का जलस्तर 207.32 मीटर तक पहुंच गया था। केजरीवाल ने कहा कि सभी सरकारी एजेंसियां, राज्य और केंद्र सरकार लोगों को बाढ़ की स्थिति में आने से रोकने के लिए घनिष्ठ समन्वय में काम कर रही हैं। प्रशासन ने बाढ़ या जलभराव की स्थिति में सहायता के लिए फोन नंबर 011-22421656, 011- 21210849 भी जारी किए हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal