लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (द्वितीय कैम्पस) की मेधावी छात्रा आस्था राघवेन्द्रम को जापान की प्रतिष्ठित एशिया पैसिफिक युनिवर्सिटी में 29,000 अमेरिकी डालर की स्कॉलरशिप के साथ प्रवेश हेतु चयनित किया गया है। आस्था को यह स्कॉलरशिप उसकी शिक्षा अवधि के दौरान प्रदान की जायेगी। इस प्रकार सी.एम.एस. की एक और प्रतिभाशाली छात्रा ने अपने मेधात्व का परचम लहराते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। एशिया पैसिफिक युनिवर्सिटी विश्व के टॉप विश्वविद्यालयों में से एक है जिसमें लगभग 80 देशों के छात्र उच्चस्तरीय शिक्षा प्राप्त करते हैं। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस प्रतिभाशाली छात्रा की उपलब्धि पर हार्दिक बधाईयां प्रेषित करते हुए कहा है कि विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी बड़ी संख्या में सी.एम.एस. छात्र विदेशों में उच्चस्तरीय शिक्षा हेतु चयनित हो रहे हैं। ये मेधावी छात्र सारी दुनिया में वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को प्रवाहित करेंगे। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि इस वर्ष अभी तक सी.एम.एस. के 80 छात्र अमेरिका, इंग्लैण्ड, कैनडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर, जर्मनी आदि विभिन्न देशों के ख्यातिप्राप्त विश्वविद्यालयों में चयनित हो चुके हैं, जिनमें से अधिकतर को स्कॉलरशिप प्राप्त हुई है। सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को भारत में एवं विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal