बिजनौर : जनपद की चांदपुर तहसील के गांव रतनगढ़ में दूषित भोजन खाने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई। जबकि, चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भर्ती किया गया है। इस घटना से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। बिजनौर की चांदपुर तहसील के गांव रतनगढ़ निवासी जयप्रकाश के पुत्र कार्तिक (1.5 वर्ष) व पुत्री लोकेश की तबीयत गुरुवार रात अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें उल्टी के साथ दस्त भी हुए। रात में ही निजी चिकित्सक के यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को जयप्रकाश की बड़ी पुत्री मानवी व एश्वर्या और परिवार की ही सलोनी पुत्री मनोज व प्रीति पुत्री नीरज की भी हालत बिगड़ गई। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सक ने ऐश्वर्या व मानवी की हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जबकि, सोनाली और प्रीति का पीएचसी पर उपचार चल रहा है। जयप्रकाश ने बताया कि उसके बच्चों ने गुरुवार रात को दाल-चावल खाए थे। एक ही परिवार में दो बच्चों की मौत और चार के बीमार होने से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण करने के लिए गाँव पहुंची। डॉ. शैलेष जैन ने बीमार बच्चों की स्थिति के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। पीएचसी प्रभारी डॉ. अजय धर्मेश गंधर्व ने बताया कि बच्चों की हालत में सुधार है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal