आजम की हिमायत में रामपुर पहुंचे अखिलेश

बोले, सपा के सत्ता में आते ही आजम पर दर्ज मुकदमे होंगे वापस

रामपुर : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को रामपुर में कहा कि मो. आजम खान के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे फर्जी हैं। सपा के सत्ता में आते ही आजम के खिलाफ दर्ज सारे मुकदमे वापस होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में वह राज्यपाल से भी मिलेंगे। अखिलेश ने कहा कि इस समय पूरी सपा आजम खान के साथ हैं। पार्टी उन्हें हर तरह की मदद देगी। कानूनी मदद के अलावा सपा आजम खान के लिए सड़क पर आंदोलन भी करेगी। सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बदले की नीयत से काम कर रही है। सांसद आजम खान और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमे लिखाये जा रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि उन्होंने कई एफआईआर की कॉपी प्राप्त की है। इससे सपा के लोग डरने वाले नहीं हैं। अखिलेश ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर सपा के कार्यकर्ता जेल भी जाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रदेश की योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। केंद्र की नीतियों पर सवाल उठाया।

नये मोटर वाहन कानून को लेकर कहा कि यह ट्रैफिक टेरेरिज्म जैसा नजर आ रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था इस समय बदहाल स्थिति में है। पूरा देश बेहद आर्थिक मंदी के दौर से गुजर रहा है। भाजपा ने कहा था कि अच्छे दिन लाएंगे, लेकिन जीडीपी कहां से कहां पहुंच गई। अनुच्छेद 370 पर बोले कि इसे हटाने से देश की दुनिया में बदनामी हुई है। पार्टी नेता आजम खान की हिमायत में सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार शाम को रामपुर पहुंच गये थे। यहां उन्होंने आजम के दो हमसफर रिसॉर्ट में रात गुजारी। शनिवार को वह उलेमाओं, अधिवक्ताओं और सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उलेमाओं के प्रतिनिधिमंडल ने अखिलेश को बताया कि पुलिस प्रशासन आजम और उनके परिवार के लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर रहा है। शहर में दहशत का माहौल कायम है। इस पर अखिलेश ने उन्हें भरोसा दिलाया कि सपा इस मामले में रामपुर के लोगों के साथ है। पार्टी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगी और कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com