अम्बेडकर नगर : आलापुर तहसील क्षेत्र के दो गांवों में भारी बारिश के कारण दीवार गिरने से पिता-पुत्री समेत तीन की मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज़ चल रहा है। मृतकों में एक दिव्यांग भी है। एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर रुपई पट्टी गांव में रात लगभग एक बजे कच्चे मकान की दीवार गिर गई, जिससे मलबे में दिव्यांग दीपक (25) दब गया। लोगों ने जब तक उसे मलबे से निकाला तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। इसके अलावा इसी थाना क्षेत्र के बरौना बांसगांव में जियालाल की कच्ची दीवार बगल में रह रहे श्यामलाल के मकान पर गिर गयी, जिससे श्यामलाल का पूरा परिवार दब गया। इससे श्यामलाल (53) व उनकी पुत्री सुशीला (15) की मौके पर ही मौत हो गयी। परिवार के ही अनन्त राम, छोटई, उसकी पत्नी व दो साल का लड़का घायल हो गए। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal