लखनऊ : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गांधी जयंती के अवसर पर बुधवार को लखनऊ में पदयात्रा की। उनकी इस पद यात्रा में सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रियंका की पदयात्रा शहीद स्मारक से प्रारम्भ हुई। वहां से कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पद यात्रा करते हुए वह हजरतगंज में जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा पहुंची। वहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा को पुष्पांजलि अर्पित किया। यात्रा के दौरान प्रियंका की प्रतिमा जब हजरतगंज स्थित हनुमान मंदिर से गुजरी तो उन्होंने हनुमान जी को नमन भी किया। यात्रा के दौरान जिला प्रशासन ने प्रियंका को बोलने की अनुमति नहीं दी थी। ऐसे में पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने केवल इतना कहा कि वह संघर्ष करती रहेंगी। प्रियंका की पदयात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद भी शामिल थे। इससे पहले प्रियंका गांधी लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal