लखीमपुर : शहर में गुरुवार की सुबह एक महिला की उसके प्रेमी ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने खुद को भी उड़ा लिया। वारदात से समूचे शहर में सनसनी फैल गई है। शहर से सटे छाउछ इलाके में रहने वाली संगीता का पड़ोस के युवक सतीश से प्रेम संबंध था। बताते हैं कि संगीता अपने पहले पति सुरेंद्र को छोड़कर सतीश के साथ रह रही थी। संगीता गोला रोड के किनारे अपनी दुकान चलाती थी। बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करीब 12 बजे सतीश संगीता की दुकान पर गया और वहां दोनों के बीच किसी बात पर विवाद होने लगा। इस बीच सतीश ने साथ लाए तमंचे से संगीता पर गोली मार दी। गोली संगीता के पेट में जा लगी और वह वहीं गिर गई।
दिनदहाड़े भरेबाजार यह वारदात शहर के तमाम लोगों ने देखी तो भगदड़ मच गई। इसके बाद सतीश ने अपनी कनपटी पर तमंचा लगाकर दाग दिया। उसकी भी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में ले लिए हैं। सीओ विजय आनंद ने बताया कि अभी संगीता और सतीश के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी इनके परिजन भी सामने नहीं आए हैं, लेकिन मामला प्रेम प्रसंग के बाद हत्या का प्रतीत हो रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal