दुनिया में सबसे कम कारपोरेट टैक्स भारत में : प्रकाश जावड़ेकर

लखनऊ : केंद्रीय पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि इस समय देश की आर्थिक स्थिति पहले से अच्छी है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में सबसे कम कारपोरेट टैक्स भारत में है। प्रकाश जावड़ेकर आज राजधानी लखनऊ में स्टेट बैंक द्वारा विभिन्न बैंकों के सहयोग से आयोजित ग्राहक सम्पर्क कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जोर देकर कहा कि इस समय भारत की अर्थव्यवस्था बहुत अच्छी है। इसे और मजबूत बनाने तथा नया निवेश लाने के लिए मोदी सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में दुनिया में सबसे कम कारपोरेट टैक्स भारत में है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत सबसे ज्यादा कारपोरेट टैक्स वाला देश माना जाता था, लेकिन मोदी सरकार के प्रयास से अब सबसे कम टैक्स वाला देश हो गया है। उन्होंने कहा कि इससे देश में निवेश बढ़ेगा, मेक इन इण्डिया अभियान को बढ़ावा मिलेगा, नये उद्योग लगेंगे और रोजगार सृजन होगा। जावड़ेकर ने कहा कि बैंकों का राष्टीयकरण किया गया था, लेकिन गरीबों की पहुंच बैंकों तक नहीं हो पाई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से यह संभव हो सका और बैंकों ने घर-घर जाकर जन-धन के खाते खोले। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीयकरण के बाद 45 वर्षों में इते खाते बैंकों में नहीं खोले गये जितने जन-धन में खुले। उन्होंने कहा कि जब जीरो बैलेंस पर खाते खोले गये तो कुछ लोगों ने सवाल खड़े किये लेकिन आज उन्हीं खातों सवा लाख करोड़ से ज्यादा गरीबों के बचत का पैसा जमा हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसी बचत से बैंक चलता है और इसी बचत से बैंक कर्ज भी बांटता है।

उन्होंने कहा कि देश के बैंक स्टैंड अप इंडिया और मुद्रा योजना जैसे कार्यक्रमों के जरिये जरुरतमंद लोगों को कर्ज दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुद्रा योजना से देश के 20 करोड़ से ज्यादा लोगों को फायदा मिला है। इस दौरान मंत्री ने लोगों से बैंक का कर्ज समय से वापस करने को भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि कर्ज वापसी भी आवश्यक है क्योंकि इससे विकास का रास्ता खुजला है। केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर स्टैंड अप इंडिया और मुद्रा योजना के तहत लाभार्थियों को कर्ज भी बांटे। स्टेट बैंक परिसर में उन्होंने पौधरोपण भी किया। स्टेट बैंक की अगुवाई में विभिन्न सरकार व निजी बैंकों द्वारा राजधानी में आज से दो दिवसीय ग्राहक सम्पर्क कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ। कार्यक्रम में बैंकों द्वारा स्टाल लगाकर लोगों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी जा रही है।

पूर्व में केंद्रीय ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक ने रेपो रेट की ब्याजदर में कमी की है। रिजर्व बैंक के इस महत्वपूर्ण निर्णय का सीधा लाभ देश की जनता को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अब बैंक जनता को सस्ते में कर्ज देंगे, जिससे लोगों को आवास लेने और अन्य काम करने में काफी आसानी होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्देश दिया है कि सभी बैंक उपभोक्ताओं को अधिक से अधिक फायदा दें। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस दल ने देश में लम्बे समय तक शासन किया, लेकिन विरासत में क्या छोड़ गये हैं, यह पूरा देश जानता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासन काल में बड़े पूंजीपतियों को खूब कर्ज बांटा और वे सब पैसा लेकर देश के बाहर चले गए। अब मोदी सरकार ऐसे लोगों को ढूंढ़-ढूंढ़कर पकड़ रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com