24 अधिकारियों पर ईओडब्ल्यू ने दर्ज कराया केस
उन्नाव : जनपद के दस विकासखंडों में हुए छात्रवृत्ति घोटाले में 24 अधिकारियों पर ईओडब्ल्यू ने मुकदमा दर्ज कराया है। केस मेें 243 स्कूलों के तत्कालीन प्रधानाचार्य, ग्राम प्रधान और ग्रामपंचायत अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। केस दर्ज होन के बाद तत्कालीन ग्राम प्रधानों व सचिवों में खलबली मची हुई है। दस विकासखंडों में छात्रवृत्ति घोटाला वर्ष 2001 से 2010 तक हुआ था। जिसकी जांच आर्थिक अपराध अनुसंधान द्वारा की जा रही थी। जनपद में वित्तीय वर्ष 2001 से 2010 तक समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण वर्ग विभाग और विद्यालयों की मिली भगत के चलते लाखों का घपला हुआ था। विकासखंड फतेहपुरचैरासी, सफीपुर, असोहा, पुरवा, हिलौली बिछिया, बीघापुर, सिकंदरपुरकर्ण, सिकदंरपुर सरोसी व गंजमुरादाबार क्षेत्र के विद्यालयों में वजीफा हड़पने का खेल किया गया था। मामले में ईओडब्ल्यू ने दस अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। इन केसों में तत्कालीन 10 जिला समाज कल्याण अधिकारी, दो पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी व समाज कल्याण तथा पिछड़ा वर्ग कल्याण समेत 22 बाबूओं को भी नामजद किया गया है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal