सोनाली फौगाट के प्रचार में हरियाणा पहुंचे योगी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
कहा, जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटने की तकलीफ सबसे ज्यादा राहुल को हुई
हिसार/भिवानी (हरियाणा) : भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा के दूसरे चुनावी दौरे पर राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटी तो सबसे ज्यादा तकलीफ पाकिस्तान और कांग्रेस के राहुल गांधी को हुई। पिछली सरकारों ने घोटालों की श्रृंखला खड़ी कर दी थी। कांग्रेस के लोग समझते थे कि वोट देना जनता की मजबूरी है। यही कारण था कि घोटालेबाज विधायक बनते थे और जनता के हितों को भूल जाते थे। सीमए योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को हरियाणा के हिसार, भिवानी, बादली और झज्जर में बीजेपी की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। सीएम योगी ने आदमपुर में कहा कि भाजपा प्रत्याशी सोनाली फोगाट हरियाणा की पहचान है और आदमपुर उनका ननिहाल है। ऐसे में भांजी का हक भी ननिहाल में होता है। सीएम योगी ने कहा कि आप लोगों ने 50 साल मर्दों को देखा इस बार वीरांगना को भी मौका देकर देखें, यह कैसे क्षेत्र की तकदीर और तस्वीर बदलती है।
सीएम योगी ने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा का नाम भ्रूण हत्या के मामले में बदनाम था। हरियाणा में बेटियों की संख्या कम हो रही थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा की धरती से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं की अलख जगाई तो इसका परिणाम आज सार्थक आया है। मनोहर सरकार ने अभियान को सफल किया। आज हरियाणा की बेटियां आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हम नवरात्र में दुर्गा के नौ रूपों की उपासना करते हैं। कन्याओं का पूजन करते हैं। यह शक्ति का प्रतीक है। बीजेपी सरकार महिला सशक्तिकरण की बात ही नहीं करती, बल्कि उसे साकार भी करती है। पीएम मोदी ने जो काम किए हैं वो पिछले 70 सालों में नहीं हो पाए। मोदी सरकार ने तीन तलाक की कुप्रथा को समाप्त किया। पूरे देश में शौचालयों का निर्माण, उज्जवला योजना के तहत देश के सभी घरों में नि:शुल्क गैस कनेक्शन देकर भाजपा ने महिलाओं का सम्मान किया है।
सीएम योगी ने कहा कि जब यूपी से मेरे हेलीकॉप्टर ने सिरसा लैंड किया तो पता चला कि पाकिस्तान पर हुई एयर स्ट्राइक में सुखोई विमान ने हरियाणा के सिरसा से उड़ान भरी थी। ऐसे में पाक को सबक सिखाने में हरियाणा की धरती विशेष रूप से काम आई। आज पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पूरी दुनिया के अंदर गिड़गिड़ाते फिर रहे हैं कि भारत हमला कर देगा। मोदी जी के लिए देशहित सर्वोपरि है जबकि कांग्रेसियों को देश की ताकत बढ़ने पर सम्मान की अनुभूति नहीं होती है। कांग्रेस शस्त्र पूजन का मजाक बनाती है। राफेल पर राजनीति करती है। सीएम योगी ने कहा कि हरियाणा का किसान अपनी मेहनत से खेतों में सोना पैदा करने की क्षमता रखता है। इसके साथ ही पूरे देश का पेट भरने की क्षमता भी हरियाणा के किसान में है। किसानों के हित के लिए मनोहर सरकार ने काम किया। किसानों का कर्ज माफ किया। आज किसानों को डेढ़ गुना फसल का दाम मिल रहा है। हरियाणा का नौजवान सीमा की सुरक्षा करता हैं। मनोहर सरकार बिना भेदभाव यहां की जनता को लाभ दे रही है। मनोहर सरकार ने स्पोर्ट स्टेडियम बनाया। इसके साथ ही 2024 तक पेयजल योजना के तहत घर-घर पहुंचाने का काम सरकार कर रही है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal