सत्ता के लिए विपक्ष को देशहित की भी चिंता नहीं : योगी

चुनावी जनसभाओं में विपक्ष पर आक्रामक हुए मुख्यमंत्री
कहा, हमारी सरकार में न अपराधी बचेंगे, न ही भ्रष्टाचारी

बहराइच/मऊ : प्रदेश में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के हो रहे उप – चुनाव की जनसभाओं को संबोधित करते हुए बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा पर आक्रामक ढंग से निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को देशहित की कोई चिंता नहीं है, उन्हें सिर्फ सत्ता का लालच है। विपक्ष को सत्ता सेवा के लिए नहीं, बल्कि लूट और खसोट के लिए चाहिए। प्रदेश में बहराइच के बलहा और मऊ के घोसी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस का चाल और चरित्र समान है। ये कुनबा हैं, राजनीतिक दल नहीं। इनका जनता के विकास से कोई सरोकार नहीं। सत्ता में आने के बाद अराजकता, भ्रष्टाचार और बेईमानी इनका एक सूत्रीय कार्यक्रम होता है। सत्ता हासिल करने के लिए इनका वोट बैंक बना रहे, इसके लिए देश हित में लिए गए फैसलों का विरोध करते हैं। यहां तक कि आतंकवाद का समर्थन करने से भी बाज नहीं आते। ऐसे ही लोगों को धारा 370 का खत्म होना पसंद नहीं आ रहा। ये पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेतहर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर लगाम हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों को साफ संदेश मिल चुका है। वह सरकार का मकसद भी समझ चुके हैं। शुरू में जो नहीं समझे, उनको समझा दिया गया। अब वे या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। सपा के शासन काल में हर दूसरे दिन होने वाले दंगों में मासूमों का खून बहता था। संपत्ति की क्षति होती थी। त्यौहारों पर तरह-तरह की पाबंदी थी। अब दंगे नहीं होते। सारे पर्व त्यौहार पूरे उल्लास से मनाये जाते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि हमारी सरकार ने 30 माह के कार्यकाल में 2.25 लाख युवाओं को नौकरी बिल्कुल पारदर्शी तरीके से दी गई। कहीं से भी लेन-देन की शिकायत नहीं मिली।

अगर किसी पर संदेह भी हुआ तो उसे व्यवस्था से दूध की मक्खी तरह निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र लोकतात्रिक पार्टी है। बूथ स्तर का कार्यकर्ता भी अगर किसी पार्टी में प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है, तो वह भाजपा ही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के बलहा में कहा कि महाराज सुहेलदेव के नाम से मेडिकल कॉलेज सरकार ने यहां दिया है। इसमें इस वर्ष प्रवेश भी प्रारंभ हो जाएगा। जिससे बहराइच वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा है कि हमारी सरकार खेलकूद को बढ़ावा दे रही है, जिससे हर गांव में एक खेल मैदान और ओपन जिम की व्यवस्था कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com