भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए दर्ज कराया मुकदमा
लखनऊ : माल क्षेत्र में एक वार्ड ब्वाय ने अपनी पत्नी दीपमाला (35) को तीसरी मंजिल से धक्का दे दिया। तीसरी मंजिल से गिरते ही दीपमाला ने दम तोड़ दिया। उधर, इसकी जानकारी होने पर वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में भाई ने हत्या का आरोप लगाते हुए माल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माल के सर्वेन्ट क्वार्टर में धनश्याम अपनी पत्नी दीपमाला, बेटे आयुष और अंश के साथ रहता हैं। धनश्याम वार्ड ब्याय है और नशे का आदी है। बंगला बाजार के माली टोला निवासी मनोज कुमार दीपमाला के भाई हैं। मनोज कुमार ने बताया कि, बीती रात धनश्याम नशे की हालत में घर पहुंचा। उसने पत्नी पर चोरी का आरोप लगाते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। उसने बेटों को एक कमरे में बंद कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह दीपमाला को घसीटता हुआ छत पर ले गया, जहां से उसने उसे धक्का दे दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गयी। मनोज ने बताया कि दीपमाला की शादी 22 नवम्बर 2002 को धनश्याम के साथ हुई थी। 22 नवम्बर को दीपमाला का जन्मदिन भी था। लेकिन सुबह धनश्याम ने दीपमाला से मारपीट की और चला गया। इसी बीच शादी की सालगिराह और जन्मदिन की खुशी में उसने केक मंगवाया था और धनश्याम के आने का इंतजार कर रही थी। रात में धनश्याम शराब के नशे में पहुंचा और झगड़ा शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2008 में धनश्याम को सुधारने के लिए दहेज एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कराया था। जिसमें उनके बीच समझौता हुआ था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal