नई दिल्ली : उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को उनकी जयंती पर याद किया। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, भारत के प्रथम राष्ट्रपति और हमारी संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती के अवसर पर उनकी पुण्य स्मृति, उनके सादगी भरे जीवन और महान व्यक्तित्व एवम् कृतित्व को सादर नमन करता हूं। उन्होंने देशवासियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे 26 नवम्बर 1949 को संविधान सभा में दिए राजेंद्र बाबू के संबोधन को याद करें जिसमें उन्होंने कहा था कि एक निर्जीव संविधान को जीवंत बनाने के लिए भारत को सच्चे और निष्ठावान लोगों की आवश्यकता होगी जो राष्ट्र हित को सर्वोपरि रखें।राजेन्द्र बाबू की दृष्टि आज भी हमारा मार्गदर्शन करती है। मेरी विनम्र श्रद्धांजलि।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा, देश के पहले राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद को उनकी जन्म-जयंती पर शत-शत नमन। उन्होंने आजादी के आंदोलन में अत्यंत सक्रिय भूमिका निभाई, साथ ही संविधान के निर्माण में भी विशिष्ट योगदान दिया। विनम्रता और विद्वता से भरा उनका व्यक्तित्व देशवासियों को सदा प्रेरित करता रहेगा। उल्लेखनीय है कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जन्म 3 दिसम्बर 1884 को बिहार के जीरादेई में हुआ था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal