किसी के बहकावे में आकर कानून को अपने हाथ में न लें
नागरिकता कानून प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारण्टी
धर्माचार्यों एवं प्रबुद्ध वर्ग से आगे आकर साथ देने की अपील
लखनऊ : प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की देर रात नागरिकता संशोधन एक्ट मामले में सभी धर्माचार्यों एवं प्रबुद्ध वर्ग से आगे आकर साथ देने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह कानून भारत के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारण्टी देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्माचार्य एवं प्रबुद्ध वर्ग, शान्ति कायम रखने में जुटे प्रशासन का सहयोग करें और हर नागरिक को वस्तुस्थिति की जानकारी दें कि नागरिकता कानून में भारत के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा की गारण्टी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश की सरकार हर नागरिक की सरकार है। सरकार और कानून-व्यवस्था पर भरोसा रखें। किसी के बहकावे में न आएं। कानून को अपने हाथ में न लें। यदि नागरिकता कानून को लेकर मन में कोई आशंका भी है, तो भी कानून को हाथ में लेने के स्थान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस कथन पर भरोसा रखें, जो उन्होंने नागरिकता बिल के सन्दर्भ में कहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ की नीति के आधार पर कार्य कर रही है। सभी योजनाओं में जाति, मत, मजहब से ऊपर उठकर बिना भेदभाव के, सबके कल्याण के लिए कार्य किया जा रहा है। इस सरकार में किसी के साथ अन्याय नहीं हुआ है। लोगों को किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal