लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी ही पार्टी के 200 से ज्यादा विधायक उनके खिलाफ हैं और वे धरने पर बैठ गये थे। इस समय 300 भाजपा विधायक सरकार के खिलाफ हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। ये बातें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी मुख्यालय पर नेताओं को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों में भेदभाव बढ़ाकर उसका लाभ लेने की कोशिश कर रही है लेकिन हम अन्याय के खिलाफ हैं। हम उनसे संघर्ष करेंगे। हम संविधान का सम्मान करते हैं और वो संविधान को नहीं मानते। आज जब देश की अर्थव्यवस्था आईसीयू में पहुंच गई है और इनके पास देश को दिखाने के लिए कुछ नहीं है तो समाज में एक दूसरे को लड़वाना चाहते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि हम सरकार को कोई दस्तावेज नहीं दिखाएंगे। हम इसी देश के नागरिक हैं। गांवों में लोगों के पास दस्तावेज नहीं हैं वो कैसे प्रमाणित करेंगे कि वो इसी देश के रहने वाले हैं।भाजपा के लोग बेरोजगारी और अर्थव्यवस्था से लोगों का ध्यान हटाने के लिए ये सब कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर देश के गरीब, मुसलमान और माइनॉरिटी के खिलाफ है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal