अमित शाह ने माला पहनाकर बाबूलाल मरांडी का किया अभिनंदन
रांची : झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) का सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विलय हो गया। रांची के प्रभात तारा मैदान में भाजपा की ओर से आयोजित मिलन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष झाविमो अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपनी पार्टी का विलय भाजपा में किया। इस अवसर पर अमित शाह ने बाबूलाल मरांडी को माला पहना कर उनका अभिनंदन किया। इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि बाबूलाल मरांडी के भाजपा में आने से पार्टी और मजबूत होगी। झारखंड में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और बाबूलाल मरांडी यहां के रग-रग से वाकिफ हैं। इनसभी के नेतृत्व में पार्टी मजबूती की नई ऊंचाइयों को छुएगी। उन्होंने कहा कि बाबूलाल 14 वर्ष के बाद घर वापसी कर रहे हैं। उनके साथ हजारों, लाखों कार्यकर्ता भी भाजपा में शामिल हो रहे हैं, हम सभी का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड भगवान बिरसा मुंडा, सिदो कान्हु की भूमि है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड अलग राज्य बनाया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी झारखंड को संवार रहे हैं। राज्य बनने के बाद हमें सरकार बनाने का यहां मौका मिला, तो बाबूलाल मरांडी को उस समय मुख्यमंत्री बनाया गया था लेकिन किसी कारणवश वह चले गये थे। वह सत्ता से बेघर रहने के बावजूद भी आमजनों के बीच बने रहे और आज घर वापसी किये। 2014 से ही बाबूलाल मरांडी को भाजपा में लाने का प्रयास किया जा रहा था। लेकिन वह थोड़ा जिद्दी हैं। इसलिए नहीं आये लेकिन लंबे समय के बाद वह घर वापसी किये। इनके पार्टी में शामिल होने से यहां के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। भाजपा बाबूलाल को शुरू से ही अपना मानती रही है। हजारों कार्यकर्ताओं ने पार्टी में शामिल होने से उन्हें यहां उतना ही सम्मान मिलेगा, जितना की उन्हें पहले मिलता था।
रघुवर सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाये हेमंत सरकार
उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने राम मंदिर, अनुच्छेद 370, 35ए पर ध्यान नहीं दिया। वर्षों से इसे लटकाये रखा। लेकिन केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने इस मामले को सुलझाया। राम मंदिर बनाना है। प्रधानमंत्री ने राम मंदिर ट्रस्ट बना दिया। कुछ ही समय में अयोध्या में आसमान छूने वाला राम मंदिर हम देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छे 370 हटाया गया। जनता ने हमें 303 सीटें लोकसभा चुनाव में दी। पांच अगस्त 2019 को 370 और 35ए हटाया गया। हमने कश्मीर को भारत को अभिन्न अंग बनाया। हर प्रकार की समस्या को मोदी ने सुलझाया। शाह ने कहा कि झारखंड में नई सरकार बनी है। रघुवर सरकार ने जिन योजनाओं को चलाया था, सरकार उसे आगे बढ़ाये। हम उनके साथ खड़े रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय जनजातीय मामले के मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद वीडी राम, संजय सेठ, अन्नपूर्णा देवी, पीएन सिंह, विधायक नवीन जयसवाल, बिरंची नारायण, सुदर्शन भगत आदि मौजूद थे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal