जनता के दर्शनार्थ कुरुक्षेत्र में रखी जाएगी
नई दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को गीता स्थली ‘कुरुक्षेत्र’ के लिए हरियाणा सरकार को टाइटेनियम धातु पर उत्कीर्ण ‘गीता’ की एक विशेष कृति प्रदान की। जनता के दर्शनार्थ इसे कुरुक्षेत्र स्थित ‘गीता ज्ञान संस्थानम केंद्र’ में रखा जाएगा। कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज को टाइटेनियम धातु पर उत्कीर्ण पवित्र ‘गीता’ की विशेष कृति प्रदान की। भेंट को स्वीकार करने के लिए राज्य सरकार की ओर से हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा और गुरुग्राम विश्वविद्यालयि के कुलपति डॉ मार्कंडेय आहूजा भी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति भवन में टाइटेनियम धातु पर उत्कीर्ण पवित्र ‘गीता’ की एक विशेष कृति मौजूद थी। इस कृति को कुरुक्षेत्र में रखने के लिए राष्ट्रपति कोविंद ने एक जनवरी को हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा था। इस प्रक्रिया में गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने राष्ट्रपति भवन में कोविंद से यह विशेष कृति प्राप्त की।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal