तीन बार मंत्री, दो बार सांसद और सात बार विधायक रहे पारसनाथ
जौनपुर : जिले के दिग्गज समाजवादी नेता, मुलायम सिंह यादव के करीबी, पूर्व कैबिनेट मंत्री और जौनपुर के मल्हनी सीट से विधायक पारसनाथ यादव का शुक्रवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। जौनपुर शहर स्थित आवास पर उन्होंने पौने 1 बजे अंतिम सांस ली। 71 वर्षीया पारसनाथ यादव कैंसर समेत कई अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। मौजूदा समय में वह मल्हनी विधानसभा से विधायक थे। उनके निधन से जिले में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में सपा व अन्य दलों के लोग उनके आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंच रहे हैं। गौरतलब है कि पारसनाथ यादव सपा के दिग्गज नेताओं में शुमार थे, वे 3 बार मंत्री, दो बार सांसद और सात बार विधायक रहे। परिवार में तीन पुत्र हैं। उनका इलाज मेदंता में चल रहा था।
पारसनाथ यादव के निधन की खबर मिलते ही सपा में शोक की लहर दौड़ गई। कई सपा नेताओं ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सपा नेता अब्दुल हफीज गांधी ने लिखा, “पारस नाथ यादव जी के निधन पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।” उधर सैयद अब्बास अली जैदी लिखा, “समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता, हम सब के आदरणीय पूर्व सांसद पूर्व कैबिनेट मंत्री आदरणीय पारसनाथ यादव जी के निधन से हम सबने एक सरपरस्त, एक संघर्शील नेता और एक बेहतरीन वक्ता खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।”
शिवपाल यादव ने ट्वीट किया, ‘वरिष्ठ समाजवादी नेता, पूर्व मंत्री व विधायक पारस नाथ यादव जी के निधन की खबर से स्तब्ध और दुःखी हूं। यह समाजवादी आंदोलन और मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। ‘बीते 7 जून को शिवपाल यादव ने जौनपुर स्थित पारसनाथ यादव के आवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। बता दें कि पूर्व कैबिनेट मंत्री पारसनाथ यादव को प्रोस्टेड की प्रॉब्लम थी। इसके कारण उनके दाहिने पैर में सूजन रहता था। इसके अलावा उन्हें यूरिनेशन में भी समस्या थी। वह इलाज के लिए मुंबई गए थे। कोकिलाबेन हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। कोरोना महामारी के कारण वह कुछ दिन पहले मुंबई से जौनपुर वापस लौट आए थे।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal