मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फिरोजाबाद जनपद के टूंडला पहुंचे। मुख्यमंत्री ने यहां विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार प्रेमपाल धनगर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां विपक्षी दलों पर तीखे प्रहार किए, वहीं भाजपा सरकार के कार्यों को गिनाया।

टूंडला के बीरी सिंह कॉलेज के मैदान पर हुई चुनावी जनसभा के मंच पर गुरुवार दोपहर तकरीबन तीन बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी पहुंचे। सभा में मौजूद लोगों ने भारत माता की जयकार से मुख्यमंत्री योगी का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश को गुंडाराज से मुक्ति मिली है। गुंडों की जगह या तो जेल में है या फिर राम राम सत्य हो रहा है। हमारे शासन में गुंडों को सड़क पर घूमने की आजादी नहीं है। भाजपा सरकार में अभी तक प्रदेश में कहीं कोई दंगा नहीं हुआ है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में सरकारी नौकरियां सिर्फ खास लोगों तक ही सीमित थी और अब भाजपा के शासन में सर्व समाज को नौकरियां मिल रही हैं। तीन साल में तीन लाख लोगों को सरकारी नौकरी भाजपा शासन में मिली है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा की गारंटी के साथ किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिले इसकी व्यवस्था भाजपा सरकार ने की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में अयोध्या में राम मंदिर बनने जा रहा है। जनसभा को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी संबोधित किया।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में भय मुक्त वातावरण बनाया है। सपा-बसपा सरकार में गुंडे सड़कों पर घूमते थे। फिरोजाबाद जिले में भी सपा का गुंडाराज था। भाजपा सरकार में गुंडाराज पर कार्रवाई होती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट रहा। कोविड-19 के संक्रम को देखते हुए प्रशासन ने जनसभा के लिए पुख्ता इंतजाम करने के दावे किए। जनसभा के मंच पर भी दो फीट की दूरी पर कुर्सियां लगाई गई थीं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal