आयोजन में शारीरिक दूरी व कोरोना प्रोटोकाल का हो पालन : डाॅ.नीलकण्ठ
लखनऊ। प्रदेश के पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ. नीलकण्ठ ने गुरुवार को दीपोत्सव-2020 के आयोजन से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दीपोत्सव का आयोजन बीते तीन वर्षों से भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या में भव्यरूप से कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन और वृहद् स्तर पर किया जाए तथा इस वर्ष 5,51,000 दीपों का प्रज्ज्वलन कर गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में अपना नाम दर्ज किया जाए। पर्यटन मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 में आरम्भ किया गया यह उत्सव हर वर्ष एक नए आयाम को प्राप्त करने हेतु तत्पर है। दीपोत्सव का आयोजन पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन, अयोध्या एवं डाॅ. राम मनोहर लोहिया विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 12 से 16 नवम्बर, 2020 तक किया जाएगा।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि दीपोत्सव-2020 के सफलतापूर्वक सम्पादन के लिए सभी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई है तथा सभी कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। नोडल अधिकारियों द्वारा सभी कार्यो की गुणवत्ता की जांच की जाएगी तथा कार्य के प्रारम्भ होने से अन्त तक कार्यों का परीक्षण आवश्यकतानुसार उनके द्वारा किया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी, जिलाधिकारी, अयोध्या के साथ समन्वय कर उचित कार्यवाही करेंगें तथा दैनिक कार्यों की प्रगति रिपोर्ट से महानिदेशक पर्यटन को अवगत कराएंगे। पर्यटन मंत्री द्वारा निर्देश दिए गए है कि कार्यक्रमों का संचालन कोरोना को दृष्टिगत रखते हुए किया जाए तथा दो गज की दूरी एवं सैनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal