शामली। शामली पहुंचे राज्य के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर के बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब डरने की जरूरत नहीं है, उन्हें अपने ऊपर होने वाले अत्याचार के खिलाफ आगे आना होगा। इसके लिए सरकार भी हर तरह से मदद के लिए महिलाओं के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री की पहल से सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विभिन्न अभियान चलाए हुए हैं और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए, इन सभी का महिलाएं उपयोग करें। शामली जनपद के कस्बा थानाभवन में स्थित खंड विकास कार्यालय में महिला सशक्तिकरण पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर के उन्हें भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा अब महिलाओं को उत्तर प्रदेश में डरने की जरूरत नहीं है, केवल उन्हें उनके प्रति होने वाले अत्याचार के खिलाफ आगे आना होगा और पुलिस-प्रशासन व सरकार हर समय उनके साथ मदद के लिए खड़े हैं। इस दौरान उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विभिन्न योजनाओं पर भी प्रकाश डालते हुए विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को महिला सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा जारी किये गये हेल्पलाइन नंबरों 112,181,1090 के साथ-साथ वन स्टॉप सेन्टर में दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा किसी भी महिलाओं के ऊपर किसी भी तरह का अत्याचार या उनका शोषण होता है, तो तुरंत महिलाएं उक्त नंबर की सहायता से मदद ले सकती हैं। सरकार के सख्त आदेश है कि जो भी व्यक्ति महिला शोषण या उत्पीड़न करता पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal