नालंदा। भोजपुर के बिहियां में जहां एक महिला को नि्र्वस्त्र घुमाने का मामला सामने आया है उसके साथ ही नालंदा जिले में भी एक मानवता को शर्मसार करने वाली वाली घटना सामने आई है। शारीरिक संबंध का विरोध करने पर एक महिला को जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। घटना जिले के गिरियक थाना इलाके के पूरनबिगहा गांव की है।
डीआईजी राजेश कुमार ने बताया कि नालंदा में महिला के जलाने के मामले में मुख्य आरोपी रणजीत चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि दोनों का आपस में प्रेम संबंध था और रात में दोनों के बीच हाथापाई हुई थी जिसके बाद महिला ने खुद को आग लगा ली थी।
महिला ने भी पुलिस को बयान दिया था कि गांव के कुछ दबंगों ने उससे शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की थी और विफल होने पर किरासन तेल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे महिला गंभीर रूप से जल गई। पड़ोसियों ने गंभीर रूप से झुलसी महिला को नालंदा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया था। पीएमसीएच में महिला का इलाज चल रहा है।
ये था मामला
पूरनबिगहा गांव में सोमवार की देर रात तकरीबन 12 बजे रात में गांव के ही एक दबंग युवक ने महादलित महिला के घर में घुसकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया। शारीरिक संबंध बनाने में जब वह असफल रहा तो गुस्से में आकर महिला को जमीन पर पटक दिया और उसके शरीर पर किरासन छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। यह देखकर महिला के साथ सो रहे उसके 9 वर्षीय पुत्र टिटू ने शोर मचाना शुरू किया। जिसके बाद आरोपी छत के सहारे भागने में सफल रहा। जब आसपास के लोग शोर सुनकर बाहर निकले तो महिला पूनिया देवी के घर से चीखने की आवाज आ रही थी।
इसके बाद पड़ोसियों के कहने पर महिला ने किसी तरह से घर का दरवाजा खोला और फिर पड़ोसियों ने ही आग से झुलसती महिला को कंबल में लपेट कर आग बुझायी। इसके बाद पड़ोसियों ने उक्त घटना की जानकारी राजगीर के पथरौरा गांव स्थित उसके मायके वालों को दी। परिजनों व पड़ोसियों के सहयोग से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल बिहारशरीफ लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए देर रात को ही तकरीबन एक बजे महिला को पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना के बारे में पीडि़त महिला के 9 वर्षीय पुत्र चश्मदीद टिटू ने बताया कि मैं अपनी मां के साथ ही सोया था। तभी गांव का ही युवक रंजीत चौधरी घर के पीछे से कर्कट पर चढ़ गया और उसे हटाकर कमरे में प्रवेश कर गया। आते ही मेरी मां के साथ जबरदस्ती करने लगा। जब वह विरोध की तो गुस्से में आकर रंजीत चौधरी ने मां को जमीन पर पटक दिया। उसके बाद घर में रखे किरासन को उसके शरीर पर छिड़क दिया और माचिस से आग लगा दी।
माचिस मारते ही मेरी मां धू-धू कर जलने लगी। इसके बाद रंजीत चौधरी छत के कर्कट के सहारे ही भाग गया। इधर मां को जलते देख शोर मचाया तो पड़ोस के लोग आए और किसी तरह से दरवाजा खोलकर कंबल से आग बुझाई। बात दी कि महिला का पति शंकर मांझी मद्रास के एक फैक्ट्री में मजदूरी का काम करता है। यहां पर महिला अपने एक पुत्र के साथ मेहनत मजदूरी कर जीवन यापन कर रही थी। पड़ोस के लोगों ने बताया कि महिला का उक्त दबंग रंजीत चौधरी से पिछले तीन-चार साल से प्रेम-प्रंसग चल रहा था। बीच में किसी बात को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal