बाराबंकी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता केदारबख्श सिंह के निधन के बाद परिवार को ढांढस देने शुक्रवार को जनपद पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केदार जी जनसंघ से लेकर भाजपा तक उनके साथ रहे हैं। उनके जाने से पूरी भाजपा दुखी है। ईश्वर अपने श्रीचरणों में उन्हें स्थान दें इसकी प्रार्थना करता हूं और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करने आया हूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के सवालों पर पत्रकारों को जवाब देते हुए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र सिंह ने कहा कि बंगाल से सत्ता सरकती देख कर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी हिंसा पर उतर आयी है। बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पर वह अपने तृणमूल के गुण्डों से हमला करवा रही है। राजनीति में बुलेट का नहीं बैलेट का स्थान होता है और ममता बुलेट का सहारा ले रही है लेकिन जनता बैलेट की ताकत से उन्हें सत्ता से हटाएगी। भाजपा का कार्यकर्ता देवतुल्य है और अपने कठिन परिश्रम की पराकाष्ठा से सत्ता भाजपा को दिलवाएगी और हिंसा करने वाले दण्डित होंगे, गरीबां की सेवा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हुए आक्रमण की मैं घोर निन्दा करता हूं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में तो किसानों का कोई आन्दोलन हो नहीं रहा और जहां आंदोलन हो रहा है वहां सरकार अवसर दे रही हैं। किसानों से बात कर रही है मगर यह कांग्रेस का षड्यंत्र और यह आन्दोलन कांग्रेस आधारित आन्दोलन है फिर किसानों से वार्ता की जा रही है और शीघ्र समाधान हो जाएगा। किसानों की चिन्ता की बात है तो मोदी जी हर वक्त किसानों की चिन्ता करते हैं फिर चाहे वह किसान सम्मान निधि हो, नीम कोटेड यूरिया हो, किसान क्रेडिट कार्ड हो। मोदी जी किसानों के लिए समर्पित है और उनकी सरकार भी समर्पित है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2022 के विधान सभा चुनाव में शिवपाल यादव और ओवैशी की पार्टी के सम्भावित गठबन्धन से भाजपा पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है। क्योंकि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और उसके कार्यकर्ता ही चुनाव में जीत दिलाते हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal