भाजपा जनप्रतिनिधियों के आवास-कार्यालयों पर ताली, थाली बजाकर होगा प्रदर्शन
लखनऊ। केन्द्र सरकार द्वारा पारित किये गये तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ कांग्रेस बुधवार को प्रदेश व्यापी प्रदर्शन करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मंगलवार को कहा कि कल 23 दिसम्बर को किसान नेता व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयन्ती पर उप्र कांग्रेस भाजपा सांसदों और विधायकों के आवासों-कार्यालयों के घेराव करेगी और तीनों कृषि कानूनों को वापस लिये जाने की मांग करेगी। इस दौरान भाजपा जनप्रतिनिधियों के आवास-कार्यालयों पर ताली, थाली बजाकर प्रदर्शन किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि पार्टी की जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के नेतृत्व में स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता इस तरह प्रदर्शन कर विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तीनों काले कृषि कानूनों को वापस लिये जाने तक कांग्रेस पार्टी संघर्ष करेगी। देश भर के किसान संगठन लम्बे समय से आन्दोलनरत हैं, विभिन्न राज्यों में किसान संगठनों द्वारा प्रदर्शन किये जा रहे हैं। कई किसानों की आन्दोलन के दौरान दुःखद मौतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद केन्द्र सरकार किसानों की मांगों केा लगातार अनदेखा कर रही है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal